मार्केट के जानकारों का अनुमान

दिसंबर तक सोने का भाव 2 लाख रुपये तक

* चांदी में बनी हुई है अच्छी ग्राहकी
अमरावती/दि.30 –हाल में सोने के भाव में थोड़ी गिरावट देखने को मिली है, लेकिन बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि पीली धातु आने वाले दिनों में नया रिकॉर्ड बनाएगी. कुछ तेजी वाले विशेषज्ञों का कहना है कि परिस्थितियां अनुकूल हैं और दिसंबर 2026 तक कीमतें 10 ग्राम पर 2 लाख रुपये तक पहुंच सकती हैं.
ऑल इंडिया जेम एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल के चेयरमैन राजेश रोकड़े ने कहा कि कीमतों में गिरावट का दौर अब खत्म हो चुका है. यहां से अब ऊपर की ओर रुख दिखेगा. अगले दो महीने में कीमतें धीरे-धीरे बढ़ना शुरू होंगी और 2 लाख के स्तर को छू लेंगी. उन्होंने कहा कि फिलहाल घरेलू बाजार में शादी के लिए सोने की मांग कम है, लेकिन जुलाई के अंत से मांग बढ़ेगी और अगस्त में त्योहारी सीजन शुरू होते ही रफ्तार पकड़ेगी.
अमरावती में सोने के भाव में पिछले तीन महीने में काफी उतार-चढ़ाव रहा. 14 मई 2026 को 10 ग्राम सोना 1.63 लाख के रिकॉर्ड ऊंचे स्तर पर पहुंचा था, लेकिन 29 मई को यह सुधरकर 1.58 लाख रुपये पर आ गया.एक्सपर्ट्स के अनुसार हालिया गिरावट निवेशकों की मुनाफा वसूली, डॉलर इंडेक्स में अस्थायी तेजी और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव कम होने से आई थी, जिससे सुरक्षित निवेश की मांग घटी थी. लेकिन विश्लेषकों का कहना है कि यह सुधार अल्पकालिक था.
* बैंकों ने फिर की सोने की खरीदी
केंद्रीय बैंकों, खासकर चीन और रूस की फिर से बढ़ी खरीद, साथ ही प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में लगातार मुद्रास्फीति की चिंता ने बुलियन को फिर सहारा दिया है.घरेलू मोर्चे पर रुपये की गिरावट भी आयात लागत बढ़ा रही है. रुपये का कमजोर होना अंतरराष्ट्रीय दरें नरम रहने के बावजूद स्थानीय सोने के भाव को ऊपर धकेल रहा है. साथ ही आयात शुल्क और जीएसटी के कारण भारतीय भाव वैश्विक बेंचमार्क से ऊंचे बने रहते हैं.
* क्या कहता है अमरावती मार्केट
अमरावती मार्केट फिलहाल सुस्त बना हुआ है. किंतु अगले माह इसमें हलचल की पूरी संभावना है. जुलाई के वैवाहिक आयोजन के कारण जून में खरीदी बढने की संभावना जानकार देख रहे हैं. अभी तो अधिक मास के कारण चांदी के यूंटेसिल से लेकर आभूषणों तक विक्री चरम पर हैं. उसी प्रकार चांदी के निवेशक भी बडी मात्रा में क्रय कर रहे हैं. चांदी से लोगों को अच्छी उम्मीदें हैं. घरों में चांदी के बर्तनों का उपयोग बढ रहा है. यह रूझान चांदी में ग्राहकी कायम रखे हुए हैं. जिसके कारण सराफा बाजार में चांदी के आयटम खरीदने ग्राहक दिखाई दे रहे हैं. अन्यथा स्वर्ण आभूषणों की डिमांड एकदम लो बताई जा रही है. ज्वेलर्स नाना प्रकार के ऑफर्स लेकर आ रहे हैं.

Back to top button