ताजू सेठ की क्रेट कंपनी में भीषण आग

करोड़ों का नुकसान, वरुड तहसील की घटना

वरुड /दि.28– तहसील के एक औद्योगिक क्षेत्र में स्थित ताजू सेठ की प्लास्टिक क्रेट निर्माण कंपनी में शनिवार रात करीब 9.30 बजे भीषण आग लग गई. आग इतनी विकराल थी कि उससे उठता काला धुआं करीब 5 किमी दूर से भी दिखाई दे रहा था.
जानकारी के अनुसार, इस हादसे में करोड़ों रुपये का कच्चा माल, तैयार माल और मशीनरी जलकर खाक हो गई. कंपनी में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई और बार-बार भड़कती रही. राहत की बात यह रही कि समय रहते मजदूर बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई. आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है. आग बुझाने के लिए नरखेड़, मोर्शी, वरुड, काटोल और आसपास के क्षेत्रों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं. घटना स्थल सड़क किनारे होने के कारण बड़ी संख्या में लोग भी वहां जमा हो गए, जिससे राहत कार्य में भी कठिनाई आई. रात करीब 10.30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था. प्लास्टिक सामग्री के कारण आग बार-बार सुलग रही थी, जिस पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.
घटना की सूचना मिलते ही कंपनी के मालिक ताजू सेठ भी मौके पर पहुंचे. यह कंपनी संतरे के निर्यात के लिए उपयोग होने वाले प्लास्टिक क्रेट बनाती है, जिनका वितरण काटोल, वरुड, नरखेड़ और मोर्शी सहित आसपास के क्षेत्रों में होता है. इस कारण बड़ी मात्रा में स्टॉक मौजूद था, जिससे नुकसान और अधिक बढ़ गया है.

Back to top button