मोर्शी शहर अत्याधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली से हुआ सुरक्षित
नगराध्यक्ष प्रतीक्षा गुल्हाने की संकल्पना

* मुख्य बाजार पेठ, चौराहें और संवेदनशील इलाकों में लगाये गये कैमरे
मोर्शी/दि.4 – शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से मोर्शी नगर परिषद द्वारा शहर में अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने का महत्वपूर्ण उपक्रम सफलतापूर्वक पूरा किया गया है. इस पहल की संकल्पना नगराध्यक्ष प्रतीक्षा रविंद्र गुल्हाने ने की, जिसके तहत शहर के प्रमुख और संवेदनशील क्षेत्रों को निगरानी व्यवस्था से जोड़ा गया है.
नगर परिषद द्वारा मुख्य बाजार क्षेत्र, जयस्तंभ चौक, छत्रपति शिवाजी महाराज चौक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं. इन कैमरों के माध्यम से शहर में होने वाली गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को सहायता मिलेगी. नगराध्यक्ष प्रतीक्षा गुल्हाने ने बताया कि शहरवासियों की सुरक्षा नगर परिषद की प्राथमिकता है. बढ़ती आबादी और यातायात को देखते हुए आधुनिक तकनीक का उपयोग आवश्यक हो गया था. सीसीटीवी निगरानी प्रणाली के शुरू होने से अवैध गतिविधियों, संदिग्ध आवाजाही, यातायात नियमों के उल्लंघन तथा अन्य अनुचित घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी.
स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि कैमरे लगने से शहर में सुरक्षा का माहौल मजबूत होगा और अपराधियों में कानून का भय बढ़ेगा. साथ ही किसी भी घटना की जांच में पुलिस और प्रशासन को महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध हो सकेंगे. नगर परिषद की इस पहल से मोर्शी शहर आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था से सुसज्जित हो गया है, जिससे नागरिकों की सुरक्षा और शहर की निगरानी व्यवस्था को नई मजबूती मिली है.





