अमरावती की बेटी की नागपुर में हत्या?

चार माह पहले ही हुआ था विवाह

* परिवार का आरोप, रस्सी से गला घोटा, बताया हृदयाघात
अमरावती/दि.16 – अमरावती की नवपरिणित बेटी की नागपुर हत्या किए जाने का आरोप परिजनों ने किया है. आज दोपहर परिजन यहां नागपुरी गेट थाने में ससुरालियों के खिलाफ शिकायत लिखाने पहुंचे. उन्होंने आरोप लगाया कि, बेटी को रस्सी से गला घोटकर मार डाला और पीहर के लोगों को बताया कि, हार्टअटैक से मौत हो गई. समाचार लिखे जाने तक परिजन थाने पर डटे थे. सभी काफी क्रोध में दिखाई दे रहे थे.
पुलिस में शिकायत करने पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि, नागपुर के मोमीनपुरा निवासी ससुराल पक्ष के लोगों ने मार डाला. उन्होंने बताया कि, फैजला जमील अ. हसन (19, सौदागरपुरा) का विवाह गत 25 जनवरी को ही नागपुर के मोमीनपुरा निवासी मो. जुबेर के साथ किया गया था. शादी को चार माह ही बीते थे कि, 15 मई की रात अमरावती में फैजला के माता-पिता को नागपुर से बेटी की मृत्यु का समाचार दिया गया. जब माता-पिता नागपुर पहुंचे, तो लाश देखने से भी उन्हें मनाई की गई. बताया गया कि, फैजला की हृदयाघात से मृत्यु हुई है.
माता-पिता बेटी का शव लेकर अमरावती आए. देखा गया कि, फैजला के गले पर रस्सी से गला घोटे जाने का साफ निशान है. यह देखते ही सभी क्रोधित हो गए. उसकी दफनविधि करने के बाद आज दोपहर ससुराल पक्ष के विरुद्ध शिकायत देने परिजन नागपुरी गेट थाने पहुंचे. उस समय पुलिस ने शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया शुरु की थी.

Back to top button