अब तीसरी महिला के साथ लिव-इन
पत्नी को छोड़कर दूसरी के साथ घर बसाया

* पति समेत पांच पर मामला दर्ज, सभी आरोपी पुणे के रहनेवाले
अमरावती/दि.18 – शादीशुदा होने के बावजूद पुणे में दूसरी महिला के साथ रहने और उससे बच्चा होने के बाद अब तीसरी महिला के साथ कथित तौर पर लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले पति के खिलाफ राजापेठ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. महिला ने पति पर मानसिक एवं आर्थिक प्रताड़ना, धमकी देने तथा कार और आभूषण सहित संपत्ति अपने कब्जे में लेने का आरोप लगाया है. पुलिस ने 35 वर्षीय महिला की शिकायत पर उसके पति पीयूष (36), सास-ससुर, पति की कथित लिव-इन पार्टनर शरवरी तथा उसकी साली के खिलाफ घरेलू उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है. सभी आरोपी पुणे निवासी बताए गए हैं.
शिकायत के मुताबिक महिला की शादी वर्ष 2009 में पीयूष से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद पति के व्यवहार में बदलाव आने लगा. महिला का आरोप है कि शादीशुदा होने के बावजूद पीयूष ने सना नामक महिला के साथ संबंध बनाए और दोनों से एक बेटा भी हुआ. इसके बाद पीयूष ने पुणे में शरवरी नामक महिला के साथ कथित तौर पर लिव-इन रिलेशनशिप में रहना शुरू कर दिया.
* पत्नी को तलाक देने की धमकी
लगातार परेशान किए जाने से तंग आकर महिला वर्ष 2020 से अपनी मां के घर अमरावती में रह रही है. शिकायत में आरोप है कि पति और उसकी लिव-इन पार्टनर शरवरी भी उसे धमकाते हैं. शरवरी कथित तौर पर महिला को गाली देते हुए पीयूष को छोड़ने और तलाक देने के लिए दबाव बनाती थी. शिकायतकर्ता का कहना है कि उसे धमकी दी गई कि यदि उसने तलाक नहीं दिया तो उसका जीना मुश्किल कर दिया जाएगा.
* कार और आभूषण लेने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि पीयूष ने उसकी महंगी कार, सोना तथा अन्य संपत्ति भी अपने कब्जे में ले ली. इसके अलावा उसने कथित तौर पर उससे 4 लाख रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर अमरावती आकर उसे परेशान करने की धमकी दी. डर के कारण महिला ने कई बार ऑनलाइन माध्यम से उसे पैसे भेजे. शिकायत के मुताबिक, पीयूष फरवरी में अमरावती भी आया था. पति के कथित व्यवहार से महिला और उसकी दो नाबालिग बेटियां भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं. राजापेठ पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.




