दर्यापुर को अचलपुर उप-विभाग में शामिल करने का विरोध

जिलाधिकारी को सौंपा आपत्ति पत्र

अमरावती/दि.2 – दर्यापुर तहसील को प्रस्तावित प्रशासनिक पुनर्गठन के तहत अचलपुर उप-विभाग से जोड़ने के प्रस्ताव का विरोध तेज हो गया है. दर्यापुर निवासी संजय नानासाहेब भारसाकले ने किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की ओर से जिला कलेक्टर को विस्तृत आपत्ति पत्र सौंपकर इस प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग की है.
ज्ञापन में कहा गया है कि दर्यापुर तहसील भौगोलिक, प्रशासनिक, आर्थिक और यातायात की दृष्टि से शुरू से ही अमरावती जिला मुख्यालय से जुड़ा रहा है. अमरावती तक पहुंच आसान होने के कारण नागरिकों को सभी सरकारी, शैक्षणिक और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं सहज उपलब्ध हैं. ऐसे में दर्यापुर को अचलपुर उप-विभाग से जोड़ने का निर्णय आम जनता के लिए अनावश्यक आर्थिक और मानसिक परेशानी का कारण बनेगा. ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि अधिकांश शासकीय कार्यालय अमरावती में स्थित हैं. यदि उप-विभागीय कार्यालय अचलपुर से संबद्ध किया जाता है, तो नागरिकों को प्रशासनिक कार्यों के लिए अमरावती और अचलपुर दोनों स्थानों के चक्कर लगाने पड़ेंगे, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त हानि होगी.
संजय भारसाकले ने कहा कि दर्यापुर तहसील को अचलपुर से जोड़ने का निर्णय स्थानीय जनता की भावनाओं के विपरीत है और इससे क्षेत्र के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा. उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि विभागीय पुनर्गठन पर राज्य सरकार को भेजी जाने वाली समेकित रिपोर्ट में दर्यापुर तालुका को अचलपुर उप-विभाग से न जोड़ने संबंधी स्पष्ट और सकारात्मक अभिमत भेजा जाए. ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि जनता की भावनाओं की अनदेखी करते हुए यह निर्णय लागू किया गया, तो युवा स्वाभिमान पार्टी के नेतृत्व में 21 अगस्त को अमरावती स्थित संभागीय आयुक्त कार्यालय के समक्ष व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा.

Back to top button