तेज हवाओं से उड़ा प्लास्टिक ओएचई वायर पर गिरा
मध्य रेलवे की लोकल सेवा ठप

* मुख्यमंत्री फडणवीस की आशंका कुछ ही घंटों में हुई सच
* यात्रियों को भारी परेशानी
मुंबई /दि.7 – मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और कोंकण क्षेत्र में जारी रेड अलर्ट के बीच सोमवार को तेज हवाओं के कारण मध्य रेलवे की लोकल सेवा बुरी तरह प्रभावित हो गई. विक्रोली और कांजूरमार्ग स्टेशनों के बीच ओवरहेड इक्विपमेंट वायर पर प्लास्टिक फंस जाने से अप स्लो लाइन पर रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
इस तकनीकी बाधा के कारण नाहूर से कांजूरमार्ग के बीच चार लोकल ट्रेनें एक के पीछे एक ट्रैक पर खड़ी रहीं, जबकि विक्रोली और कांजूरमार्ग के बीच दो लोकल ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा. रेलवे स्टेशनों पर लगातार तकनीकी खराबी की घोषणा की जाती रही, जिससे यात्रियों में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. रेलवे कर्मचारी युद्धस्तर पर ओएचई वायर से प्लास्टिक हटाने के कार्य में जुटे रहे. इससे पहले विधानसभा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खराब मौसम को लेकर चेतावनी देते हुए कहा था कि दोपहर बाद मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. उन्होंने आशंका जताई थी कि इससे पेड़ गिरने और अन्य दुर्घटनाएं हो सकती हैं तथा लोगों से अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की थी. कुछ ही समय बाद तेज हवा के कारण प्लास्टिक उड़कर रेलवे की ओएचई वायर पर जा गिरा और लोकल सेवा प्रभावित हो गई.
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें तथा युवा बारिश के दौरान झरनों और पर्यटन स्थलों की ओर जाने से बचें. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने संभावित खतरे वाले क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने सहित सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही कर ली हैं. उधर, बृहन्मुंबई मनपा ने खराब मौसम को देखते हुए सभी बिल्डरों, ठेकेदारों, इंजीनियरों और परियोजना प्रबंधकों के लिए विशेष सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं. बीएमसी ने निर्माण स्थलों पर लगे मचान, क्रेन, ढीले निर्माण सामग्री, टावर क्रेन, सुरक्षा जाल और अन्य अस्थायी संरचनाओं की तत्काल जांच करने, छतों और ऊंचे स्थानों पर रखी खुली सामग्री को सुरक्षित करने तथा तेज हवा के दौरान ऊंचाई पर होने वाले सभी कार्य और लिफ्टिंग ऑपरेशन तत्काल रोकने के निर्देश दिए हैं. साथ ही सभी श्रमिकों के लिए सुरक्षा उपकरण का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने और मौसम पर लगातार नजर रखने को कहा गया है. प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.





