नकली पुलिस बनकर बुजुर्ग से 2.88 लाख का सोना लूटा
मंगरूल दस्तगीर थाना क्षेत्र की घटना

* दो अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज
अमरावती/दि.27- जिले के ग्रामीण क्षेत्र में एक बार फिर नकली पुलिस बनकर लूटपाट करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है. बदमाशों ने लूट की वारदातों का डर दिखाकर एक बुजुर्ग को अपना शिकार बनाया और उसके पास से 2 लाख 88 हजार रुपए के सोने के आभूषण ठग लिए. यह घटना मंगरूल दस्तगीर पुलिस थाना क्षेत्र के विटाला गांव से मंगरूल दस्तगीर मार्ग पर 25 अप्रैल की शाम को हुई. शिकायतकर्ता का नाम धामणगांव रेल्वे तहसील के झाडा ग्राम निवासी पुरुषोत्तम नामदेवराव उगले (64) है.
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए विटाला गांव के पास लक्ष्मी सेलिब्रेशन हॉल आए थे. शाम को कार्यक्रम के बाद जब वे अपने साथी के साथ दोपहिया से वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में दो बदमाशों ने खुद को पुलिस बताते हुए उन्हें रोक लिया. बदमाशों ने इलाके में बढ़ रही लूटपाट की घटनाओं का हवाला देकर जांच के नाम पर उनके गले का 22 ग्राम का सोने का गोफ और उंगलियों की 7-7 ग्राम की दो अंगूठियां उतारकर जेब में रखने को कहा. शिकायतकर्ता द्वारा गहने उतारने के बाद आरोपियों ने चालाकी से उन्हें अपने हाथ में लिया और रूमाल में बांधकर वापस दे दिया. आरोपी वहां से चले गए. बाद में जब बुजुर्ग ने रूमाल खोला तो उसमें सोने के गहनों की जगह दोपहिया का क्लच केबल निकला. घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 के माध्यम से पुलिस और ग्रामीण अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने चारों ओर नाकाबंदी भी की, लेकिन आरोपी फरार होने में सफल रहे. पुलिस ने इस मामले में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.





