बार्शीटाकली के निंबी गांव में घटीत हुई सनसनीखेज वारदात

खेती विवाद में युवक की निर्मम हत्या

* आंखों में मिर्च का घोल डालकर हथौड़े से कुचला सिर, छह आरोपी गिरफ्तार
अकोला/दि.2- जिले के बार्शीटाकली तहसील अंतर्गत निंबी गांव में खेती के विवाद ने खूनी रूप ले लिया. जमीन संबंधी विवाद में 27 वर्षीय युवक की आंखों में मिर्च का घोल डालकर हथौड़े से सिर पर वार कर निर्मम हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार होने की कोशिश कर रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अनिकेत भास्कर इंगले (27) निवासी निंबी के रूप में हुई है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेती और जमीन के पुराने विवाद को लेकर आरोपियों और मृतक के बीच तनाव चल रहा था. इसी विवाद के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से अनिकेत पर हमला किया. जानकारी के अनुसार आरोपियों ने पहले अनिकेत इंगले की आंखों में मिर्च पाउडर मिला पानी फेंका, जिससे वह असहाय हो गया. इसके बाद उस पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किए गए. सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वारदात की क्रूरता ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. घटना की सूचना मिलते ही बार्शीटाकली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा. मृतक की परिजन प्रार्थना भास्कर इंगले की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए अकोला के पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए. इसके बाद स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) और बार्शीटाकली पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया. स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक नितीन लेव्हरकर और बार्शीटाकली के पुलिस निरीक्षक प्रवीण धुमाल के नेतृत्व में विशेष खोज अभियान चलाया गया. पुलिस टीमों ने बार्शीटाकली और पातूर क्षेत्र में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की.
* फरार होने से पहले दबोचे गए आरोपी
तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने पातूर क्षेत्र से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में विशाल सुरेश करवते (28) और अमोल सुरेश करवते (30) शामिल हैं. दोनों आरोपी फरार होने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया. इसके बाद बार्शीटाकली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के अन्य चार आरोपियों सुरेश हरिभाऊ करवते (60), रेखा सुरेश करवते (52), अस्मिता विनोद सुरवाडे (25) तथा मयूरी अमोल करवते (23) को भी हिरासत में ले लिया. सभी आरोपी निंबी गांव के निवासी बताए गए हैं.
* जांच जारी, पुलिस जुटा रही सबूत
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या के पीछे जमीन और खेती से जुड़ा पुराना विवाद प्रमुख कारण माना जा रहा है. हालांकि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी तथा मूर्तिजापुर उपविभागीय पुलिस अधिकारी वैशाली मुले के मार्गदर्शन में संयुक्त टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

Back to top button