शिंदे सेना का 5 सीटों पर दावा

विधान परिषद पहुंचने अनेक इच्छुक

* नेताओं के बेटे विधायक बनने आतुर, कई नाम चर्चा में
मुंबई /दि.27- राज्य में स्थानीय स्वराज संस्थाओं की विधान परिषद चुनावों की सरगर्मी शुरू हो गई है. ऐसे में राजनीतिक गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है. विधान परिषद की सीटों को लेकर महायुति में अंदरूनी चर्चा और सीट बंटवारे का गणित तैयार किया जा रहा है. इसी बीच शिवसेना शिंदे गुट में विधान परिषद का टिकट पाने के लिए इच्छुक नेताओं ने जोरदार लॉबिंग शुरू कर दी है. शिवसेना ने कम से कम 5 सीटों पर दावा किया है. साथ ही छठी सीट राजनीतिक ताकत और गुणवत्ता (मेरिट) के आधार पर मिले. इसमें छत्रपति संभाजीनगर या रायगढ़ में से किसी एक सीट का समावेश हो, ऐसी जोरदार मांग पार्टी के भीतर उठने लगी है.
* किस सीट के लिए कौन इच्छुक?
स्थानीय स्वराज संस्थाओं की इन सीटों पर पार्टी किसे मौका देगी, इसे लेकर फिलहाल चर्चा और पड़ताल जारी है. इसी वजह से विधान परिषद चुनाव को लेकर कुछ नेताओं के नामों की जोरदार चर्चा शुरू है. इसमें ठाणे-पालघर की बेहद प्रतिष्ठित सीट पर पूर्व विधायक रवींद्र फाटक का नाम लगभग तय माना जा रहा है. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की ओर से जल्द ही उनके नाम की आधिकारिक घोषणा होने की संभावना है.
– हिंगोली-परभणी – पूर्व मंत्री अभिमन्यु खोतकर या विप्लव बजोरिया के नाम की इस सीट के लिए जोरदार चर्चा है.
– छत्रपति संभाजीनगर-जालना – इस सीट के लिए राजेंद्र जंजाल या बाजीराव चव्हाण के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है.
– नाशिक – नाशिक से पूर्व सांसद हेमंत गोडसे, सईद खान और भाऊसाहेब चौधरी दौड़ में हैं.
– रायगढ़ – रायगढ़ से भरत गोगावले के पुत्र विकास गोगावले के नाम की चर्चा है और यह सीट पार्टी के खाते में लाने के लिए प्रयास जारी हैं.
– जलगांव – जलगांव से गुलाबराव पाटील के पुत्र प्रतापराव पाटील के नाम पर चर्चा चल रही है.
* सांसद श्रीकांत शिंदे आज जालना दौरे पर
इसी पृष्ठभूमि में शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे आज जालना जिले के दौरे पर आ रहे हैं, जिससे राजनीतिक हलकों का ध्यान इस दौरे की ओर लगा हुआ है. आगामी विधान परिषद चुनाव और उसके बाद होने वाले जिला परिषद चुनावों की पृष्ठभूमि में यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सांसद श्रीकांत शिंदे इस दौरे में शिवसेना और युवासेना के प्रमुख पदाधिकारियों से संवाद करेंगे और उन्हें आगामी चुनावों के लिए मार्गदर्शन देंगे. इस बैठक में सांसद संदिपान भुमरे, पूर्व मंत्री अर्जुन खोतकर समेत स्थानीय नेता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे.
इस बीच विधान परिषद चुनाव में छत्रपति संभाजीनगर-जालना सीट को लेकर पेच देखने को मिल रहा है. यह निर्वाचन क्षेत्र शिवसेना का पारंपरिक गढ़ रहा है. इसलिए यह सीट किसी भी परिस्थिति में शिवसेना के पास ही रहनी चाहिए, ऐसी जोरदार मांग स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा श्रीकांत शिंदे के सामने रखे जाने की संभावना है. इस सीट को लेकर शिंदे क्या भूमिका रखते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

Back to top button