नाशिक में बड़ी दुर्घटना
गर्भवती महिला समेत तीन लोग डूबे

नाशिक/दि.27 – नाशिक के प्रसिद्ध काश्यपी बांध पर घूमने गए थोंबरे परिवार के दो सदस्यों समेत पड़ोस के दो बच्चों की पानी में डूबने से दुखद मौत हो गई. वहीं एक स्थानीय महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए 2 साल की बच्ची की जान बचा ली.
राज्य में पिछले कुछ दिनों से लगातार दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं. इसी बीच अब नाशिक जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. नाशिक के प्रसिद्ध काश्यपी बांध परिसर में घूमने गए एक ही परिवार के दो सदस्य और उनके पड़ोस में रहने वाले दो मासूम बच्चों सहित कुल चार लोगों की पानी में डूबने से दुखद मौत हो गई. इस भीषण हादसे से पूरे नाशिक जिले और मृतकों के इलाके में शोक का माहौल फैल गया है. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
* छुट्टी का आनंद बना काल
मिली जानकारी के अनुसार, नाशिक के मखमलाबाद नाका इलाके के निवासी सचिन थोंबरे अपने परिवार और पड़ोसियों के साथ रोजमर्रा की भागदौड़ से राहत पाने के लिए काश्यपी बांध परिसर घूमने गए थे. इसी दौरान बांध के सुंदर किनारे पर घूमते समय अचानक पैर फिसलने से एक व्यक्ति पानी में बहने लगा. उसे बचाने की कोशिश में चारों लोग एक के बाद एक गहरे पानी में डूब गए.
मृतकों में सचिन थोंबरे, उनकी गर्भवती पत्नी रोहिणी थोंबरे और उनके पड़ोस में रहने वाले दो छोटे बच्चों का समावेश है. एक ही समय में घर के दो मुख्य सदस्यों और पड़ोस के दो मासूम बच्चों को खोने से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.





