नितेश इंडेन गैस एजेंसी को शिवसेना का ‘दणका’
सेना के जिला प्रमुख अरूण पडोले हुए आक्रामक

* ग्राहकों को होनेवाली तकलीफो के लिए उठाई आवाज
* एजेंसी संचालक को जमकर लिया आडे हाथ
अमरावती/दि.14- गैस सिलेंडर के लिए नागरिकों को टोकन देने के बाद सिलेंडर की डिलेवरी हेतु उन्हें 45 डिग्री तापमान के बीच कई घंटों तक धूप में खडे रखे जाने का मामला सामने आते ही शिंदे गुटवाली शिवसेना के जिला प्रमुख अरूण पडोले ने बेहद आक्रामक भूमिका अपनाते हुए नितेश इंडेन गैस एजेंसी के संचालक को जमकर आडे हाथ लिया और गैस उपभोक्ताओं की दिक्कतों को तुरंत दूर करते हुए गैस की आपूर्ति तत्काल सुचारू करने की मांग उठाई.
खास बात यह रही की जिस समय उक्त गैस एजेंसी के सामने कई गैस उपभोक्त सिलेंडर मिलने हेतु 45 से 46 डिग्री तापमान के बीच कतार में खडे होकर पसीना-पसीना हो रहे थे, उस समय एजेंसी के गोदाम में संचालक सहित किसी कर्मचारी की उपस्थिति नहीं थी. इसकी जानकारी मिलते ही शिवसेना के जिला प्रमुख अरूण पडोले सीधे मौके पर पहुंचे और उन्होंने गैस एजेंसी के संचालक को गैस उपभोक्ताओं के सामने लाते हुए सवाल-जवाब किए. साथ ही साथ आम नागरिकों को हो रही समस्या व दिक्कतों को देखते हुए गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को तत्काल सुचारू करने की मांग भी उठाई.
इस समय नया अकोला, सालोरा (आमला), पुसदा, नांदुरा, खारतलेगांव एवं वलगांव परिसर के नागरिक बडी संख्या में उपस्थित थे. जिन्होंने गैस एजेंसी के कामकाज को लेकर अपनी तीव्र नाराजगी जताई. इस समय बढते जनाक्रोश को देखते हुए गैस एजेंसी संचालक ने अगले दिन सुबह 9 बजे तक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. खास बात यह रही कि शिवसेना के जिला प्रमुख अरूण पडोले ने इस पूरे मामले की जानकारी अन्न व आपूर्ति अधिकारी को देते हुए आवश्यक कार्रवाई करने हेतु कहां तथा जनता के अधिकारों के लिए आगे भी संघर्ष जारी रखने की बात कहीं.





