शिवसेना शिंदे गुट की अकोला जिला कार्यकारिणी भंग

अंदरूनी गुटबाजी और लगातार शिकायतों के बाद बड़ा फैसला

अकोला/दि.15- एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना शिंदे गुट में अकोला जिले में चल रही लंबे समय की अंदरूनी कलह आखिरकार खुलकर सामने आ गई है. पार्टी नेतृत्व ने बड़ा कदम उठाते हुए अकोला जिले की पूरी जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया है. इसे जिला स्तर के पदाधिकारियों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.
पार्टी सूत्रों के अनुसार, गुटबाजी, आपसी आरोप-प्रत्यारोप, समन्वय की कमी और संगठनात्मक अव्यवस्था के कारण कार्यकर्ता लंबे समय से परेशान थे. यही वजह रही कि वरिष्ठ नेताओं ने सीधे पार्टी प्रमुख एकनाथ शिंदे तक शिकायतें पहुंचाईं.

* गुटबाजी बनी बड़ी वजह
अकोला जिले में शिंदे गुट के गठन के बाद से ही संगठन में स्थिरता नहीं रही. हाल ही में पार्टी में शामिल हुए नेताओं को महत्वपूर्ण पद दिए जाने से पुराने और नए पदाधिकारियों के बीच विवाद बढ़ गया था. जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों के लिए चार जिला प्रमुख नियुक्त किए गए थे, जिस पर भी कार्यकर्ताओं में असंतोष था. पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच लगातार यह चर्चा होती रही कि नियुक्त पदाधिकारी वास्तव में जिला प्रमुख हैं या केवल विधानसभा क्षेत्र प्रमुख. इसी मुद्दे को लेकर कई बार संगठन के भीतर विवाद सामने आए.

* विरोध प्रदर्शन तक पहुंचा मामला
अंदरूनी संघर्ष इतना बढ़ गया था कि नाराज पुराने पदाधिकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से पार्टी पदाधिकारियों के पुतले जलाकर विरोध प्रदर्शन भी किया था. विभिन्न गुटों की शिकायतों के बाद जिला संपर्क प्रमुखों में बदलाव किए गए और लोकसभा संपर्क प्रमुख भी नियुक्त किए गए, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ.

* चुनावी प्रदर्शन से बढ़ी चिंता
सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा चुनावों के बाद नगर निगम और स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली. भारी संसाधन और संगठनात्मक प्रयासों के बावजूद चुनावी नतीजे कमजोर रहे, जिससे पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ गई. पार्टी के भीतर लगातार बढ़ती गुटबाजी, तालमेल की कमी और संगठन विस्तार में विफलता को देखते हुए आखिरकार जिला कार्यकारिणी भंग करने का निर्णय लिया गया. शिवसेना सचिव संजय मोरे ने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस निर्णय की जानकारी दी. आदेश के अनुसार जिला स्तर सहित कई संगठनात्मक गठनों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है.

Back to top button