तरबूज खाने के बाद परिवार की मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा

हरे रंग के हो गये थे मृतकों के दिल, दिमाग और आंतें

मुंबई/दि.1 – मुंबई के पायधुनी इलाके में डोकाडिया परिवार ने बिरयानी खाने के बाद तरबूज खाया. इसके बाद पूरा परिवार खत्म हो गया. इस मामले में अब एक बड़ा चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है. फॉरेंसिक जांच में बेहद हैरान करने वाली जानकारी सामने आई है.
* डोकाडिया फैमिली वॉटरमेलन डेथ केस अपडेट
तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के मामले में बड़ी अपडेट सामने आ रही है. मुंबई के पायधुनी इलाके में डोकाडिया परिवार के चार सदस्यों की इस घटना में मौत हो गई थी. इस परिवार ने रात में बिरयानी खाई थी. फिर आधी रात को तरबूज खाया था. इसके बाद सुबह उन्हें उल्टी और दस्त की समस्या हुई. इसके बाद परिवार के सदस्यों की मौत हो गई. अब इस मामले में फॉरेंसिक जांच की चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है.
* मृतकों के महत्वपूर्ण अंग हरे पड़े
फॉरेंसिक रिपोर्ट के अनुसार, डोकाडिया परिवार के मृतकों के महत्वपूर्ण अंग हरे रंग के पाए गए हैं. मृतकों का दिमाग, दिल और आंतें हरी पड़ी हुई मिली हैं. विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति सामान्य फूड पॉइजनिंग से अलग है. डॉक्टरों ने जहर की आशंका जताई है. जब एक साथ कई अंगों में ऐसे बदलाव दिखाई देते हैं, तो यह संकेत होता है कि कोई जहरीला तत्व शरीर में फैल गया है. इस नए खुलासे से चारों मौतों को लेकर शक और गहरा गया है. वहीं अब्दुल्ला के शरीर में मॉर्फिन भी पाया गया है.
* फॉरेंसिक लैब की रिपोर्ट से सनसनी
पिछले शनिवार को डोकाडिया परिवार ने बिरयानी खाई और फिर सोने से पहले तरबूज खाया था. सुबह उन्हें उल्टी और दस्त की समस्या हुई. तुरंत उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. रविवार को अब्दुल्ला डोकाडिया, उनकी पत्नी और दो नाबालिग बेटियों की जे.जे. अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उनके शरीर में दर्दनाशक दवाओं के तत्व पाए गए थे. फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने डोकाडिया के घर से बिरयानी, तरबूज, मटके का पानी, पका और कच्चा चावल, चिकन, खजूर और मसाले सहित 11 तरह के सैंपल जब्त किए थे. लेकिन केवल खाने से इतनी जल्दी जहर कैसे फैल सकता है, यह विशेषज्ञों के सामने बड़ा सवाल बना हुआ था. इस मामले में सैंपल रासायनिक प्रयोगशाला में भेजे गए थे.

Back to top button