अभिजीत मुहूर्त होने से पूरा दिन राखी बांधने शुभ
युवा पुरोहित पं. करण महाराज ने बताई शुभ बेलाएं

* सुन मांडणा और सुन जिमाणा के भी उत्तम समय
अमरावती/दि.19 – शहर के युवा पुरोहित पं. करण महाराज शर्मा ने आगामी शुक्रवार 28 अगस्त को सावन मास पूर्णिमा तिथि में तीन मुहूर्त से अभिजीत होने के कारण रक्षाबंधन का त्यौहार पूरे दिन मनाए जाने की बात कही है उन्होेंने बताया कि इस वर्ष संपूर्ण दिन भद्रा नहीं है. शास्त्रानुसार रक्षाबंधन में भद्रा को टाला जाता है. करण महाराज शर्मा ने सुन मांडणा और जिमाणा के भी शुभ समय बताए हैं. उसी प्रकार रक्षासूत्र अर्थात राखी बांधने का श्रेष्ठ समय भी बतलाया है.
पं. करण महाराज के अनुसार सुन मांडणा का कार्य चतुर्दशी तिथि गुरूवार 27 अगस्त को सुबह 11 से दोपहर 2.38 बजे तक किया जा सकता है. वहीं सुन जिमाणा का कार्य पूर्णिमा तिथि शुक्रवार 28 अगस्त को प्रात: 6 से 10.33 तक हैं. इस दौरान लाभ, अमृत बेला होने से सुन जिमाणा उत्तम रहेगा. पंडित जी ने बताया कि चौघडिया की दृष्टि से शुक्रवार सुबह 6 से 10.37 तक, दोपहर 12.3 से 12.53 तक अभिजीत बेला में और 12.28 से 2.03 बजे तक शुभ बेला में एवं संध्या 5.13 से 6.46 तक चंचल बेला में राखी बांध सकते हैं. प्रदोषकाल संध्या 6.48 से रात 9.08 बजे तक रहेगा.





