स्नैप चैट दोस्त ने किया रेप

सहेली ने पीटा था अनाथ युवती को

* आरोपी क्रिश भोईर गिरफ्तार
मुंबई/दि.28 – पिछले कुछ दिनों से राज्य में महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है. इसी बीच अब 21 वर्षीय एक अनाथ युवती के साथ हुई इस चौंकाने वाली घटना से डोंबिवली दहल गई है. संकट में फंसी युवती की मदद करने के बजाय, स्नैपचैट पर पहचान हुए एक दरिंदे दोस्त ने ही उसके साथ बलात्कार कर लूटपाट की, ऐसी चौंकाने वाली घटना सामने आई है. इस मामले में मानपाड़ा पुलिस ने आरोपी क्रिश भोईर को गिरफ्तार कर लिया है.
* मदद का हाथ बना घात
पीड़ित युवती अनाथ है और एक निजी जगह पर काम करके अपना गुजारा करती है. कुछ दिनों पहले उसका अपनी एक सहेली के परिवार वालों से विवाद हुआ था. इस विवाद में सहेली के पिता और अन्य परिवार के लोगों ने उसकी बुरी तरह पिटाई की. इस अन्याय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने और पुलिस में जाने के लिए पीड़िता ने कुछ दिन पहले ही ‘स्नैपचैट’ नाम के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पहचान हुए क्रिश भोईर को मदद के लिए बुलाया.
पीड़िता को विश्वास था कि क्रिश उसे पुलिस स्टेशन लेकर जाएगा. लेकिन क्रिश उसे पुलिस स्टेशन ले जाने के बजाय एक सुनसान जगह पर ले गया. वहां उसने उसकी मजबूरी का फायदा उठाते हुए जबरन उसके साथ बलात्कार किया. इतना ही नहीं, उसने उसके ऑनलाइन पैसे भी लूट लिए. इसके बाद उसके मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर मोबाइल सहित वहां से फरार हो गया. इस अत्याचार के बाद हताश युवती डोंबिवली में शिवसेना की मध्यवर्ती शाखा पहुंची.
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए शिवसेना विधायक राजेश मोरे ने तुरंत शिवसेना महिला आघाड़ी को मदद के लिए निर्देश दिए. उपजिला संगठक किरण मोंडकर, केतकी पवार, पल्लवी इंदुलकर और ललिता मेहर इन महिला पदाधिकारियों ने पीड़िता को हिम्मत देते हुए मानपाड़ा पुलिस स्टेशन पहुंचाया. मानपाड़ा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संपत फडोल ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए विशेष टीम तैनात की. तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने मात्र एक घंटे के भीतर आरोपी क्रिश भोईर को हिरासत में ले लिया.
* जांच में बड़ी जानकारी मिलने की संभावना
इस मामले की आगे की जांच महिला पुलिस अधिकारी प्रियंका सादलकर कर रही हैं. आरोपी क्रिश भोईर के शातिर होने की संभावना है और उसने इसी तरह अन्य लड़कियों को भी अपने जाल में फंसाया है क्या, इसकी जांच पुलिस कर रही है. इस घटना से इलाके में भारी गुस्सा है और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की जा रही है.

Back to top button