गणपति जुलूस में घुसा तेज रफ्तार कंटेनर, दो की मौत

सात वर्षीय बच्चे समेत 12 घायल

* पिंपरीराजा गांव के पास दर्दनाक हादसा
छत्रपति संभाजीनगर/15 – गणेशोत्सव के उत्साह के बीच छत्रपति संभाजीनगर जिले में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया. चितेपिंपलगांव-कर्माड मार्ग पर पिंपरीराजा गांव के पास गणपति विसर्जन शोभायात्रा में तेज रफ्तार कंटेनर घुस गया. हादसे में दो किसानों की मौत हो गई, जबकि सात वर्षीय बच्चे समेत 12 लोग घायल हुए हैं. घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, गांव में गणपति विसर्जन के लिए मिरवणूक निकाली गई थी. इसी दौरान कुछ लोग सड़क किनारे खड़े होकर मिरवणूक देख रहे थे. तभी तेज रफ्तार कंटेनर अचानक मिरवणूक में घुस गया और लोगों को टक्कर मारते हुए कुछ दूरी तक आगे बढ़ गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इस दुर्घटना में विठ्ठल रामभाऊ जाधव (49) और रमेश लहूजी बनसोडे (45) की मौत हो गई. दोनों किसान थे. बताया गया कि वे अपने काम से लौटने के दौरान गणपति जुलूस देखने के लिए सड़क किनारे रुके थे. हादसे में सात वर्षीय बच्चे समेत 12 लोग घायल हुए हैं. घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. इनमें से कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आगे के उपचार के लिए घाटी अस्पताल रेफर किया गया है. घायलों में मेहबूब पठाण, प्रकाश पाटरे और किशोर घुले समेत अन्य लोगों का समावेश है.

Back to top button