तेज रफ्तार ट्रक की ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर

भीषण हादसे में दो लोगों की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

बुलढाणा/दि.1 – राष्ट्रीय महामार्ग क्रमांक 53 पर मलकापुर-मुक्ताईनगर मार्ग पर होटल महाराजा रेस्टोरेंट के सामने आज बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और वे जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे हैं. यह दुर्घटना मलकापुर के पास तालसवाड़ा से दसर्खेड के बीच हुई.
ट्रक द्वारा ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मारने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के समय हडंबा थ्रेशर ट्रैक्टर खेत की ओर जा रहा था. उसी दौरान राजस्थान पंजीकरण वाला टाटा ट्रक तेज रफ्तार में आकर पीछे से ट्रैक्टर से टकरा गया. ट्रक चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट जाने के कारण यह भीषण दुर्घटना हुई, ऐसी प्राथमिक जानकारी सामने आई है. टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रैक्टर का पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.
* शिवसैनिकों की मदद
इस हादसे में बाळकृष्ण त्र्यंबक पाचपोर (उम्र 50, निवासी धरणगांव) और रोहन किसन पाटील (उम्र 26) की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. इस दुर्घटना में राजू नेरकर (उम्र 50), मंगेश विकास पाटील (उम्र 30) और आकाश रामचंद्र सोनटक्के (उम्र 28) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सभी घायलों को तुरंत उपजिला अस्पताल, मलकापुर में भर्ती कराया गया है. घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. हादसे की जानकारी मिलते ही शिवसेना तालुका प्रमुख विजय साठे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. उनके साथ एएसआई विजय टेकाड़े, गजानन बावस्कर, राजू साठे, बंटी कोलते, संदेश शिंदे, निलेश बोंडे और अश्विन साठे ने राहत कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई.
* मृतदेह ट्रैक्टर में फंसा
हादसे में ट्रैक्टर में फंसे मृतक बाळकृष्ण पाचपोर के शव को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया. स्थानीय नागरिकों ने भी बड़े पैमाने पर मदद की. हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पुलिस करीब एक घंटे की देरी से घटनास्थल पर पहुंची, जिससे नागरिकों में नाराजगी देखी गई. दसरखेड एमआईडीसी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंचकर पंचनामा और बचाव कार्य में जुट गई. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर कुछ समय बाद यातायात बहाल किया गया.
* ट्रक चालक और सहायक फरार
हादसे के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक का चालक और सहायक मौके से फरार हो गए. इस भीषण दुर्घटना से इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवारों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है. पुलिस दसरखेड एमआईडीसी स्टेशन इस मामले की आगे जांच कर रही है.

Back to top button