नीट में असफल छात्रा ने किया सुसाइड

सातारा/कराड /दि.28- राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के परिणाम में असफलता और पढ़ाई के बढ़ते मानसिक तनाव के चलते सातारा जिले के कराड तालुका (शेरे गांव) की एक 18 वर्षीय छात्रा ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मृतका का नाम समीक्षा दीपक पवार बताया जा रहा है. इलाज के दौरान सोमवार को कराड स्थित कृष्णा अस्पताल में उसकी मौत हो गई.
* 23 जुलाई को खाई थी चूहे मारने वाली दवा
पारिवारिक सूत्रों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, समीक्षा ने पिछले वर्ष नीट परीक्षा दी थी. हालांकि, परीक्षा परिणाम में अपेक्षित अंक न मिलने के कारण वह पिछले कुछ महीनों से गहरे तनाव और अवसाद (डिप्रेशन) में थी. इसी मानसिक तनाव में आकर समीक्षा ने गत 23 जुलाई को घर में रखी चूहे मारने वाली जहरीली गोलियां खा लीं. शुरुआत में उसने डर के कारण परिवार के किसी भी सदस्य को इस बारे में नहीं बताया.
* दो दिन बाद बिगड़ी तबीयत, फैला संक्रमण
घटना के दो दिनों बाद जब जहर का असर शरीर में पूरी तरह फैलने लगा, तब समीक्षा को पेट में असहनीय दर्द महसूस हुआ. हालत बिगड़ने पर उसने परिजनों को आपबीती बताई. घबराए परिजनों ने आनन-फानन में 26 जुलाई को उसे कराड के कृष्णा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन शरीर में जहर का संक्रमण काफी हद तक फैल चुका था. आखिरकार सोमवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.

Back to top button