अकोला में शिवसेना शिंदे गुट के जिलाध्यक्ष की मौत से मचा बवाल

‘हिट एंड रन’ मामले को मिला राजनीतिक मोड़; परिवार ने पार्टी नेता पर लगाया साजिश का आरोप

* 30 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
अकोला/दि.28- महाराष्ट्र के अकोला शहर में शिवसेना शिंदे गुट के अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष शेख मोहसीन शेख समद की संदिग्ध मौत ने राजनीतिक हलकों में सनसनी फैला दी है. प्रारंभिक जांच में मामला ‘हिट एंड रन’ दुर्घटना का बताया जा रहा है, लेकिन मृतक के परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए शिवसेना के ही एक वरिष्ठ नेता पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है और पूरे जिले में इसकी चर्चा हो रही है.
पुलिस के अनुसार, नेहरू पार्क क्षेत्र में शेख मोहसीन अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मोहसीन को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि यह केवल सड़क हादसा नहीं था, बल्कि उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया गया.
मोहसीन के परिजनों ने शिवसेना शिंदे गुट के नेता मंगेश काले पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि राजनीतिक और संगठनात्मक विवादों के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया. घटना के बाद बड़ी संख्या में समर्थक, रिश्तेदार और स्थानीय नागरिक खदान पुलिस थाने पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर धरना दिया. परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर हत्या का मामला दर्ज नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के लगभग 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की. जांच में चार संदिग्धों की पहचान होने का दावा किया गया है. पुलिस ने सोहन उर्फ पृथ्वीराज आनंद काले और आर्यन सुभाष पाटकर नामक दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. हालांकि, परिवार द्वारा लगाए गए हत्या की साजिश के आरोपों की भी अलग से पड़ताल की जा रही है.
शेख मोहसीन शिवसेना शिंदे गुट के अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष थे और स्थानीय स्तर पर सक्रिय राजनीतिक पहचान रखते थे. उनकी मौत के बाद पार्टी के भीतर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. अकोला में पहले भी शिंदे गुट के भीतर गुटबाजी और आंतरिक विवादों की खबरें सामने आती रही हैं, ऐसे में इस घटना ने राजनीतिक समीकरणों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मृतक के परिवार से संपर्क कर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने मोहसीन की दोनों बेटियों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिया है. साथ ही परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई है.
फिलहाल पुलिस इस मामले को दुर्घटना और साजिश, दोनों पहलुओं से जांच रही है. दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी कई सवाल अनुत्तरित हैं. क्या यह वास्तव में लापरवाही से हुई दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश थी, इसका जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा. हालांकि, एक राजनीतिक पदाधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने अकोला ही नहीं, बल्कि राज्य की राजनीति में भी हलचल बढ़ा दी है.

Back to top button