राज्य के 2.32 लाख किसानों को 1056 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित

कृषि यंत्रीकरण योजना

* किसानों से आवेदन आमंत्रित
अमरावती /दि.23– महाराष्ट्र शासन के कृषि विभाग द्वारा राज्य में कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के लिए केंद्र प्रायोजित कृषि यंत्रीकरण उप-अभियान, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (डीपीआर आधारित) कृषि यंत्रीकरण तथा राज्य प्रायोजित कृषि यंत्रीकरण योजनाएं महाडीबीटी पोर्टल के माध्यम से संचालित की जा रही हैं.
इन योजनाओं के अंतर्गत ट्रैक्टर, पावर टिलर, स्वचालित कृषि यंत्र, ट्रैक्टर चालित उपकरण, फसल कटाई के बाद उपयोग में आने वाले यंत्र, प्राथमिक प्रसंस्करण उपकरण, फसल संरक्षण उपकरण तथा किराये के आधार पर सेवा सुविधा केंद्र (सीएचसी) स्थापित करने के लिए अनुदान दिया जाता है. इन कृषि यंत्रों एवं उपकरणों पर सामान्यतः उनकी कीमत का 40 से 50 प्रतिशत अथवा केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित अधिकतम अनुदान सीमा में से जो कम हो, उसके अनुसार अनुदान स्वीकृत किया जाता है. कृषि अभियांत्रिकी संचालनालय के कृषि संचालक अंकुश माने ने किसानों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ लेने के लिए कृषि विभाग के पास आवेदन प्रस्तुत करें. वित्तीय वर्ष 2025-26 में महाडीबीटी पोर्टल पर कृषि यंत्रीकरण के लिए आवेदन करने वाले लाभार्थियों में से पहले आवेदन करने वाले को पहले प्राथमिकता के आधार पर 36 लाख 3 हजार 338 आवेदनों का चयन किया गया था. चयनित लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर दस्तावेज जमा नहीं करने के कारण 31 लाख 64 हजार 805 आवेदन निरंक कर दिए गए. वर्तमान में प्रक्रिया में शामिल लाभार्थियों में से 2 लाख 39 हजार 337 किसानों को पूर्व स्वीकृति प्रदान की गई है. इनमें से 2 लाख 32 हजार 797 किसानों ने कृषि यंत्र एवं उपकरण खरीदकर उनके बिल पोर्टल पर अपलोड कर दिए हैं.
कृषि विभाग के अनुसार, वर्ष 2025-26 में इन तीनों योजनाओं के अंतर्गत कुल 1,056 करोड़ 31 लाख रुपये की सब्सिडी वितरित की गई है. वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए तीनों योजनाओं हेतु कुल 263 करोड़ 72 लाख रुपये का निधि आवंटित किया गया है तथा प्रक्रिया में शामिल लाभार्थियों को अनुदान वितरण की कार्रवाई जारी है. कृषि विभाग ने बताया कि राज्य सरकार सभी पात्र एवं प्रक्रिया में शामिल लाभार्थियों को अनुदान उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निधि उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है.

Back to top button