शक्कर दरवृध्दि की जांच होनी चाहिए
मंत्री हसन मुश्रीफ ने जताई स्टॉकबाजी की आशंका

कोल्हापुर/दि.28 – राज्य में हाल ही में चीनी के दाम में अचानक हुई वृद्धि और कुछ ही दिनों में दरों में आई गिरावट को लेकर मंत्री हसन मुश्रीफ ने चीनी के वास्तविक भंडार की जांच की आवश्यकता जताई है. उन्होंने कहा कि चीनी मिलों द्वारा बताए गए स्टॉक और वास्तव में उपलब्ध स्टॉक में अंतर है या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए. बाजार में बड़े पैमाने पर चीनी उपलब्ध होने के बावजूद केंद्र सरकार की ओर से पर्याप्त नियंत्रण नहीं रहने के कारण स्टॉकबाजी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री मुश्रीफ ने कहा कि मौजूदा स्थिति में चीनी का भाव करीब 5,000 से 5,500 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास रहने का अनुमान है. उन्होंने अगले सीजन में गन्ने के क्षेत्रफल और उत्पादन में कमी आने की संभावना भी जताई. चीनी की कीमतों में वृद्धि की जांच की मांग पर मंत्री मुश्रीफ ने कहा कि वास्तविक स्टॉक की जांच होनी चाहिए. यदि कृत्रिम रूप से स्टॉक रोककर बाजार में महंगाई पैदा की गई है तो यह गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई आवश्यक है. हालांकि, चीनी निर्यात तथा पाकिस्तान-बांग्लादेश से जुड़े आरोपों पर उन्होंने बिना प्रमाण किसी पर आरोप लगाना उचित नहीं बताया





