नगर परिषद स्कूल नंबर 4 में स्वच्छता पखवाड़ा उत्साह से मनाया गया

विद्यार्थियों ने रैली निकालकर दिया स्वच्छता का संदेश

बेकार वस्तुओं से बनाई आकर्षक सामग्री
मोर्शी /दि.2– नगर परिषद मोर्शी के स्कूल नंबर 4 में मुख्याध्यापिका अलका छानवाल की अध्यक्षता में विभिन्न उपक्रमों के माध्यम से स्वच्छता पखवाड़ा उत्साहपूर्वक मनाया गया. विद्यार्थियों को स्वच्छता का महत्व समझाने के लिए शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया.
25 सितंबर को संपदा देशमुख ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के संबंध में मार्गदर्शन दिया. इस दौरान अलग-अलग रंगों के डस्टबिन का उपयोग, गीले और सूखे कचरे का वर्गीकरण तथा कचरा प्रबंधन की जानकारी दी गई. 26 सितंबर को स्कूल परिसर से स्वच्छता जनजागृति रैली निकाली गई. विद्यार्थियों ने स्वच्छता संबंधी नारे लगाते हुए प्लास्टिक का उपयोग टालने, कपड़े की थैलियों का इस्तेमाल करने तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने का संदेश नागरिकों तक पहुंचाया. 28 सितंबर को कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता विषय पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई. विद्यार्थियों ने आकर्षक और संदेशपरक रंगोलियां बनाईं. वहीं, 29 सितंबर को चित्रकला और रंगभरण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने स्वच्छता आधारित चित्र बनाकर उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई.
* बेकार वस्तुओं से बनाई उपयोगी सामग्री
‘बेकार वस्तुओं से टिकाऊ वस्तुएं’ उपक्रम के तहत विद्यार्थियों ने अनुपयोगी प्लास्टिक बोतलों का उपयोग करते हुए फ्लावर पॉट, फूल, आकाशकंदील, हैंगिंग गार्डन, वाइन चेन, पेन स्टैंड, फूलदान और बर्ड हैंगिंग पॉट जैसी विभिन्न आकर्षक वस्तुएं तैयार कीं. इन गतिविधियों के लिए नगर परिषद कार्यालय की ओर से विद्यार्थियों को ड्रॉइंग शीट, रंग, ब्रश, कटर, स्केचपेन, फेविकोल और प्लास्टिक की बोतलें सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई. स्वच्छता पखवाड़े के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण की भावना और रचनात्मकता को बढ़ावा मिला.

Back to top button