कर्जमाफी पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले तलाठी निलंबित
जिलाधिकारी आशीष येरेकर की कार्रवाई

* वॉट्सऐप ग्रुप में सरकारी योजना को लेकर फैलाया था भ्रामक संदेश
अमरावती /दि.22 – राज्य सरकार की कर्जमाफी योजना को लेकर सोशल मीडिया पर कथित रूप से भड़काऊ, नकारात्मक और गुमराह करने वाली जानकारी प्रसारित करने के मामले में दर्यापुर तहसील के पेठ इतबारपुर के तलाठी विश्वनाथ गोंडाने को जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने निलंबित कर दिया है.
यह कार्रवाई 21 अगस्त को महाराष्ट्र सिविल सेवा नियम 1979 के तहत की गई. मामले की जांच के दौरान तलाठी गोंडाने ने सफाई दी कि जिस मोबाइल नंबर से संदेश प्रसारित हुए, वह उनकी पत्नी के नाम पर है और स्वास्थ्य संबंधी कारणों से उन्होंने मोबाइल का इस्तेमाल बंद कर दिया था. हालांकि, जांच में उनके इस दावे को लेकर विरोधाभास सामने आने की बात कही गई है.
* 457 सदस्यों वाले व्हाट्सऐप ग्रुप में संदेश
दर्यापुर निवासी शिकायतकर्ता अभिषेक इंगले की ई-मेल शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू की गई. जांच में ‘तलाठी साझा, पेठ इतबारपुर’ नामक करीब 457 सदस्यों वाले वॉट्सऐप ग्रुप में सरकार की कर्जमाफी योजना को लेकर विवादित संदेश प्रसारित किए जाने की जानकारी सामने आई. ग्रुप के कैप्शन में कर्जमाफी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी किए जाने की बात सामने आई. इसके बाद दर्यापुर तहसीलदार को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए. जांच के दौरान संबंधित मोबाइल नंबर से एक अन्य ग्रुप में भी संदेश भेजे जाने की जानकारी सामने आई. संदेशों के प्रसारित होने की तारीख और तलाठी द्वारा दी गई सफाई में अंतर पाए जाने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया. निलंबन अवधि के दौरान गोंडाने का मुख्यालय धारणी तहसील कार्यालय निर्धारित किया गया है. उन्हें बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने की चेतावनी दी गई है.





