40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार’ विकास नहीं, भ्रष्टाचार कर रही
मिसिंग लिंक’ की बदहाली पर पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने सरकार पर साधा निशाना

अमरावती/दि.6- मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के बहुचर्चित ’मिसिंग लिंक’ प्रोजेक्ट पर स्लैब गिरने और हालिया भारी बारिश के कारण यातायात बाधित होने के बाद प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है. कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री यशोमती ठाकुर ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महायुति सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए परियोजना की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने सरकार को 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार बताते हुए विकास कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया.
इस मामले को लेकर अपना विडियो संदेश जारी करते हुए पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने कहा कि मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे की ’मिसिंग लिंक’ परियोजना का वास्तविक स्वरूप अब पूरे महाराष्ट्र और देश के सामने आ चुका है. उन्होंने आरोप लगाया कि जिस परियोजना का कुछ महीने पहले बड़े स्तर पर उद्घाटन किया गया था, उसी पर शुरुआती दौर में ही गड्ढे पड़ गए और अब स्लैब गिरने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे परियोजना की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस स्वयं को इन्फ्रा मैन बताते हैं, लेकिन मौजूदा घटनाओं से यह स्पष्ट हो गया है कि सरकार के दावे और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है. उन्होंने आरोप लगाया कि जब परियोजना पर गड्ढे पड़ने का मुद्दा उठा था, तब इसे सिर्फ टेस्ट बताकर सरकार ने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने का प्रयास किया, जबकि अधिकारी भी इसे मामूली समस्या बताकर मामले को हल्का दिखाने में लगे रहे.
* बड़ी घोषणाएं, लेकिन काम की गुणवत्ता सवालों के घेरे में
पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केवल बड़े-बड़े बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की घोषणाएं कर उनका राजनीतिक श्रेय लेने में व्यस्त है, जबकि कार्यों की गुणवत्ता और जनता की सुरक्षा की अनदेखी की जा रही है. उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि कुछ ही समय में परियोजनाएं क्षतिग्रस्त होने लगें, तो इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि ’मिसिंग लिंक’ परियोजना के उद्घाटन के समय भी विभिन्न प्रकार की चर्चाएं सामने आई थीं और अब लगातार सामने आ रही घटनाएं सरकार के दावों पर प्रश्नचिह्न लगा रही हैं.
* अगर सफलता का श्रेय लेते हैं, तो असफलता की जिम्मेदारी भी लें
पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने कहा कि जब सरकार विकास परियोजनाओं का श्रेय लेने में सबसे आगे रहती है, तो उनकी विफलता और कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी भी उसे स्वीकार करनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों में कमीशनखोरी का खेल चल रहा है और जनता इसके दुष्परिणाम भुगत रही है.
* 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार
पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने महायुति सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह सरकार विकास से अधिक टक्केवारी (कमीशन) की राजनीति कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि विकास परियोजनाओं के पीछे जनता के हित से अधिक अन्य स्वार्थ काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी. जनता को इस सरकार की कार्यप्रणाली याद रखनी चाहिए, क्योंकि विकास के नाम पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता.





