‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम देगा विद्यार्थियों को सवाल और समस्याएं रखने का मंच
22 अगस्त को पुणे में होगा छात्र सम्मेलन

* यशोमति ठाकुर ने कोचिंग क्लासों में विद्यार्थियों से किया संवाद
अमरावती /दि.21– 22 अगस्त को पुणे में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर युवक कांग्रेस और एनएसयूआई की तैयारियां तेज हो गई हैं. कार्यक्रम की तैयारियों के तहत कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर ने पुणे की विभिन्न कोचिंग क्लासों का दौरा कर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया.
इस दौरान विद्यार्थियों को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसका उद्देश्य छात्रों को अपने सवाल, रोजमर्रा की समस्याएं, चिंताएं और भविष्य से जुड़ी अपेक्षाएं रखने के लिए एक मंच उपलब्ध कराना है. यशोमति ठाकुर ने विद्यार्थियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की. विद्यार्थियों की ओर से भी इस अपील को उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला. विभिन्न कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों ने यशोमति ठाकुर का स्वागत और सम्मान भी किया. इस अवसर पर दिल्ली के निरीक्षक बैजूजी, आमिर शेख, ऋत्विक धनवत, युवक कांग्रेस के उपाध्यक्ष चैतन्य पुरंधरे, अक्षय कांबले, अभिजीत गोरे, अमरावती युवक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल येवले, युवक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अनिकेत ढेंगले, नितिन काले, अक्षय कुलत सहित युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे. यशोमति ठाकुर ने कहा कि युवा पीढ़ी की आवाज सीधे प्रशासन और समाज तक पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं और भविष्य की अपेक्षाओं को समझने के लिए विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद जरूरी है. उन्होंने कहा कि 22 अगस्त को पुणे में राहुल गांधी की मौजूदगी में होने वाला यह कार्यक्रम छात्रों की आवाज को नया मंच और दिशा प्रदान करेगा.





