बस से कुचल तीन विद्यार्थियों की मृत्यु
वर्धा जिले के हिंगणघाट में दर्दनाक हादसा

* स्वाधीनता दिवस का जश्न मातम में बदला
* तेज रफ्तार निजी ट्रैवल बस ने कुचला
* भीड हुई क्रोधित, बुलानी पडी अतिरिक्त कुमक
हिंगणघाट/दि.15 – स्वाधीनता दिवस की वर्षगांठ पर शाला के झंडावंदन कार्यक्रम में सहभागी होने जा रही तीन छात्राओं की घर से निकलते ही तेज रफ्तार निजी ट्रैवल बस से कुचले जाने से दर्दनाक मृत्यु ने समस्त वर्धा जिले को हिलाकर रख दिया है. हिंगणघाटवासी भी इस घटना से द्रवित और उद्देलीत होने के साथ क्रोधित हो गए है. दुर्घटना की वजह से 15 अगस्त का खुशी का माहौल मातम में बदल जाने के साथ यहां गुस्साही भीड को देखते हुए अतिरिक्त कुमक बुलाए जाने का समाचार है.
* कैसे हुआ हादसा
समृद्धी धामसे, आरुही चवरे तथा मिसबा शेख यह तीनों मासूम छात्राओं के नाम है. जिनकी शनिवार सुबह ट्रैवल बस की चपेट में आने से मृत्यु हो गई. तीनों दुपहिया से शाला के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जा रही थी. वे अपनी स्कूल आंबेडकर शाला के पास पहुंच भी गए थे. तभी पीछे से आई तेजरफ्तार ट्रैवल बस ने उनकी दुपहिया को ऐसी टक्कर मारी कि, तीनों छात्राओं की जान चली गई. प्राथमिक सूचना में बताया गया कि, निजी बस का चालक अपना वाहन से नियंत्रण खो बैठा. उस वजह से यह भीषण हादसा पेश आया. वहीं बताया गया कि, बस की रफ्तार काफी थी.
* खून से सनी सडक, नहीं बचाई जा सकी जान
रोंगटे खडे कर देनेवाली भयंकर दुर्घटना में बस की टक्कर से दुपहिया पर सवार तीनों छात्राएं दूर फेंकी गई. खून से लथपथ हो गई. वहां से गुजर रहे लोगों ने बिना क्षण की देरी किए छात्राओं को अस्पताल ले दौडे. डॉक्टर्स ने भी उपचार शुरु किया, किंतु अत्यधिक खून बह जाने की वजह से छात्राओं ने प्राण त्याग दिए. उपचार दौरान उनकी सांसे रुक गई.
* हिंगणघाट में सुन्न कर देनेवाला सन्नाटा
दुर्घटना में तीन किशोरियों की मृत्यु की घटना ने वर्धा जिले के इस शहर को हिलाकर रख दिया है. समूचा हिंगणघाट सुन्न कर देनेवाले सन्नाटे से युक्त हो गया है. पुलिस को हादसे का समाचार मिलते ही उसने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और सबसे पहले सडक का यातायात पूर्ववत किया गया. निजी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस कार्रवाई शुरु है. उपजिला अस्पताल पर भारी भीड एकत्र हो गई थी. हर कोई घटना पर गहरा शोक व्यक्त कर रहा था. वहीं देखा गया कि, लोगों में गुस्सा भी काफी है. ऐसे में पुलिस ने अतिरिक्त कुमक को अलर्ट मोड पर रखा था.





