दहशरा व दीपावली से पहले ट्रेनें फुल, 150 पार पहुंची वेटिंग

दो महीने पहले बुकिंग के बावजूद यात्रियों को प्रतीक्षा सूची

* तत्काल टिकट पर भी निर्भरता बढ़ी, निजी बसें बनीं विकल्प
अमरावती /दि.19- दिवाली के त्योहार से पहले घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए रेल यात्रा मुश्किल होती जा रही है. मुंबई और पुणे से बडनेरा-अमरावती तथा नागपुर की ओर आने-जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में आरक्षण लगभग पूरी तरह भर चुका है. कई ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची 150 से भी अधिक पहुंच गई है. ऐसे में यात्रियों को अब तत्काल टिकट के भरोसे रहना पड़ रहा है अथवा निजी बसों से यात्रा करने का विकल्प तलाशना पड़ रहा है.
दिवाली महाराष्ट्र सहित देशभर में बड़े पैमाने पर मनाया जाने वाला त्योहार है. इस दौरान नौकरी, व्यवसाय और शिक्षा के लिए मुंबई-पुणे जैसे शहरों में रहने वाले बड़ी संख्या में लोग अपने गृह नगर लौटते हैं. अमरावती और विदर्भ की ओर आने वाली ट्रेनों में इसी कारण आरक्षण की मांग तेजी से बढ़ी है. त्योहार में अभी समय रहने के बावजूद प्रमुख ट्रेनों में सामान्य आरक्षण उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों की चिंता बढ़ गई है.
* दो महीने पहले बुकिंग, फिर भी वेटिंग
यात्रियों के अनुसार, दिवाली की यात्रा के लिए कई लोग करीब दो महीने पहले ही आरक्षण कराने का प्रयास कर रहे हैं. इसके बावजूद कई प्रमुख ट्रेनों में उन्हें कन्फर्म टिकट के बजाय प्रतीक्षा सूची का टिकट मिल रहा है. कुछ ट्रेनों में यह प्रतीक्षा सूची 150 के आंकड़े को भी पार कर गई है. आरक्षण उपलब्ध नहीं होने के कारण अनेक यात्री प्रतीक्षा सूची का टिकट लेकर भी यात्रा की उम्मीद लगाए हुए हैं. अंतिम समय तक टिकट कन्फर्म होने की संभावना पर निर्भर रहने के अलावा उनके पास फिलहाल सीमित विकल्प हैं.
* तत्काल टिकट पर बढ़ेगी निर्भरता
सामान्य आरक्षण में जगह नहीं मिलने के कारण यात्रियों को अब तत्काल कोटे से टिकट हासिल करने की कोशिश करनी होगी. हालांकि त्योहारों के दौरान तत्काल टिकट की मांग भी काफी बढ़ जाती है, जिससे सभी यात्रियों को इसमें सफलता मिलना आसान नहीं माना जा रहा. ऑनलाइन आरक्षण खुलते ही टिकट उपलब्ध होने और तेजी से भर जाने के कारण यात्रियों को लगातार प्रयास करना पड़ रहा है. जिन यात्रियों को रेल टिकट नहीं मिल पा रहा है, वे अब निजी बसों की ओर रुख कर रहे हैं. इससे त्योहार के दिनों में निजी बसों की मांग बढ़ने की संभावना है.
दिवाली के दौरान बढ़ने वाली यात्री संख्या को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों की उपलब्धता और यात्री सुविधा पर भी नजर रहेगी. फिलहाल प्रमुख रेलगाड़ियों में बढ़ती प्रतीक्षा सूची ने घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों के सामने परेशानी खड़ी कर दी है.

Back to top button