राजूरा में वृक्षारोपण कार्यक्रम
विविध प्रजातियों के पौधों का किया रोपण

* रोटरी क्लब ऑफ अमरावती का आयोजन
अमरावती/दि.11- बढते वैश्विक तापमान और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ‘माइक्रो अथवा मियांवाकी जंगल आज की आवश्यकता है,’ इस उद्देश्य को लेकर रोटरी क्लब ऑफ अमरावती द्वारा आज शनिवार 11 जुलाई को राजूरा में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
वैश्विक तापमान वृद्धि की समस्या को कम करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति का योगदान आवश्यक है. इसी उद्देश्य से शहरों के आसपास उपलब्ध छोटी-छोटी जगहों पर मियांवाकी पद्धति से घने वृक्षों का रोपण कर छोटे-छोटे जंगल विकसित करने का संदेश इस कार्यक्रम के माध्यम से दिया गया. राजूरा स्थित निराधार फासेपारधी छात्रावास के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में विविध प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया. पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढाने तथा आनेवाली पीढियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल रही.
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ अमरावती के अध्यक्ष मनीष छांगानी, कोषाध्यक्ष संजय छांगानी, आईपीपी सुगंधा देशमुख (प्रकल्प प्रमुख), चारुदत्त देशमुख, प्रकाश गिल्डा तथा किरण गिल्डा प्रमुख रुप से उपस्थित रहे. सभी ने स्वयं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अधिक से अधिक लोगों से वृक्षारोपण अभियान से जुडने का आवाहन किया.





