देश के 10 मार्गों पर शुरु होगा हाईड्रोजन बसों का ट्रायल

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की जानकारी, परीक्षण शुरु

गांधीनगर/दि.11– केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि हाइड्रोजन भविष्य का ईंधन है और सरकार देशभर के 10 प्रमुख मार्गों पर हाइड्रोजन से चलने वाले सार्वजनिक परिवहन वाहनों का परीक्षण शुरू कर रही है. उन्होंने यह जानकारी गांधीनगर में आयोजित ‘प्रवास 5.0’ और ‘भारत प्रवास पुरस्कार’ कार्यक्रम के दौरान दी.
गडकरी ने कहा कि भारत वैकल्पिक ईंधन और बायोफ्यूल के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. देश अपनी तकनीक और कम लागत के बल पर वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनने की क्षमता रखता है. उन्होंने ऑटोमोबाइल उद्योग से पर्यावरण-अनुकूल और किफायती वाहनों के निर्माण के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए भी सहयोग की अपील की. उन्होंने बताया कि देश में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने के लिए करीब तीन लाख बसों की आवश्यकता है. इसके लिए बस निर्माण की क्षमता को तीन गुना तक बढ़ाना होगा. मंत्रालय निजी बस पोर्ट विकसित करने और ग्रीन एक्सप्रेस-हाईवे के विस्तार पर भी काम कर रहा है, जिससे यात्रा का समय घटेगा और परिवहन क्षेत्र की उत्पादकता एवं लाभ में वृद्धि होगी. सरकार का मानना है कि हाइड्रोजन आधारित परिवहन प्रणाली से प्रदूषण में कमी आएगी, जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटेगी और देश में हरित परिवहन को नई गति मिलेगी.

* इन 10 मार्गों पर होगा हाइड्रोजन बसों का परीक्षण
– ग्रेटर नोएडा-दिल्ली-आगरा
– भुवनेश्वर-कोणार्क-पुरी
– अहमदाबाद-वडोदरा-सूरत
– साहिबाबाद-फरीदाबाद-दिल्ली
– पुणे-मुंबई
– जमशेदपुर-कलिंगानगर
– तिरुवनंतपुरम-कोच्चि
– कोच्चि-एडापल्ली
– जामनगर-अहमदाबाद
– एनएच-16: विशाखापत्तनम-बयावरम

Back to top button