नागपुर-वर्धा महामार्ग पर ट्रक में आग
मिर्ची से भरा ट्रक पलटा, सड़क पर फैली मिर्च

* चिंचभुवन चौक पर भीषण जाम दो घंटे तक यातायात ठप
नागपुर /दि.22- नागपुर के व्यस्त वर्धा महामार्ग पर बुधवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया, जब चिंचभुवन इलाके में मिर्ची से भरे एक ट्रक में अचानक आग लग गई. घटना के बाद ट्रक पलट गया, जिससे पूरे इलाके में भारी यातायात जाम लग गया. घटना चिंचभुवन चौक के पास भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के नजदीक हुई.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार ट्रक में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग भड़क उठी. ट्रक मिर्ची से भरा हुआ था. आग लगते ही वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया. ट्रक पलटने से पूरा माल सड़क पर फैल गया. ट्रक पलटने के बाद बड़ी मात्रा में मिर्ची सड़क पर फैल गई, जिससे हालात और बिगड़ गए. वाहन चालकों को रास्ता नहीं मिल पाया. कई जगह लोगों को आंखों में जलन और असुविधा हुई. कुछ समय के लिए पूरी तरह यातायात ठप हो गया. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया. स्थानीय नागरिकों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया. जिसके चलते समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई.
* निर्माण कार्य के कारण पहले से दबाव में था मार्ग
जानकारी के मुताबिक चिंचभुवन क्षेत्र में पहले से ही फ्लाईओवर और मेट्रो विस्तार का काम जारी है, जिससे सड़क संकरी हो गई है. रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है. ऐसे में इस घटना ने हालात और बिगाड़ दिए तथा करीब दो घंटे बाद यातायात सामान्य हो पाया. इस दौरान कई वाहन चालक भीषण गर्मी के दौरान ट्रैफिक जाम में फंसे रहे तथा लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. वर्धा, चंद्रपुर और यवतमाल की ओर लंबी वाहन कतारें लगीं रही. जिसके चलते यात्रियों को घंटों धूप में इंतजार करना पड़ा.
* 15 दिन में दूसरी बड़ी घटना
बता दें कि, इसी मार्ग पर 15 दिन पहले भी एक ट्रक पलटने से जाम की स्थिति बनी थी. लगातार हो रही घटनाओं से इस मार्ग की ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. नागपुर-वर्धा मार्ग पर ट्रक में आग और उसके पलटने की घटना ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि निर्माण कार्य, भारी ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्थाओं के अभाव से यह मार्ग संवेदनशील बन चुका है.





