गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

एक लाख रुपये का माल जब्त

* परतवाडा पुलिस की कार्रवाई
अमरावती/दि.6 – अमरावती ग्रामीण पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित करीब 1 लाख रुपये मूल्य का माल जब्त किया है.
पुलिस अधीक्षक अमरावती ग्रामीण निकेतन कदम के निर्देशानुसार अवैध धंधों एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 5 जून को परतवाड़ा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई. पुलिस उपनिरीक्षक प्रमोद राजत और उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल क्रमांक एम-27/डीवाय-9693 से अचलपुर से परतवाड़ा की ओर गांजा लेकर जा रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने कल्याण मंडप कार्यालय के सामने सरकारी दूध डेयरी के पास जाल बिछाकर संदिग्ध वाहन को रोका. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 1 किलो 325 ग्राम गांजा बरामद हुआ. इसके अलावा होंडा शाइन मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केदार धनश्याम चरपे (30) तथा दिपक रामदास आमले (28), दोनों निवासी बुदेंलपुरा, अचलपुर के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. मामले की आगे की जांच जारी है. यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता टोणपेड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी अंजनगांव प्रभारी मनिष ठाकरे के मार्गदर्शन में परतवाड़ा पुलिस स्टेशन की टीम ने की.

Back to top button