खेत में मेहनत कर रहे दो किसानों की ट्रैक्टर हादसे में दर्दनाक मौत
अकोला जिले के अकोट तहसील की घटना

अकोला/दि.29- खरीफ सीजन की तैयारी में दिन-रात खेतों में मेहनत कर रहे दो किसानों की अलग-अलग ट्रैक्टर हादसों में मौत हो जाने से अकोला जिला दहल उठा है. लगातार हुई इन दो दर्दनाक घटनाओं ने किसान परिवारों पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है. पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.
पहली घटना अकोट तहसील के बेलुरा गांव में हुई, जहां 32 वर्षीय किसान गणेश सोलंके खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रैक्टर के पिछले पहिए के नीचे आ गए. हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. खेती की तैयारी में जुटे युवा किसान की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है. यह घटना अभी ताजा ही थी कि बार्शीटाकली तहसील के टिटवण शिवार में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया. यहां कपास की पराटी निकालने का काम चल रहा था. इसी दौरान तिवसा निवासी जीवन मंगू राठोड (47) ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गए और उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर की पंजा मिट्टी में फंस जाने से अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे पहिए के नीचे आ गए. हादसे की सूचना मिलते ही बार्शीटाकळी पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी प्रविण धुमाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पंचनामा कर जांच शुरू कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेन्सिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. लगातार दो किसानों की मौत से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है. किसानों के बीच खेतों में काम करते समय सुरक्षा उपायों को लेकर फिर बहस छिड़ गई है. ग्रामीणों का कहना है कि खेती में आधुनिक मशीनों का उपयोग बढ़ा है, लेकिन सुरक्षा को लेकर जागरूकता अब भी बेहद कम है. गांव के लोगों ने भावुक शब्दों में कहा, जो किसान पूरी दुनिया का पेट भरता है, आज वही खेत में सुरक्षित नहीं है.





