तीन दिन बाद बजेगी नए शिक्षा सत्र की पहली घंटी
स्कूलों में गुणवत्ता, स्वच्छता और विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश

* जिले में निपुण मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
अमरावती /दि.27– तीन दिन बाद बजेगी नए शैक्षिक सत्र की पहली घंटी. आगामी शैक्षिक सत्र को ध्यान में रखते हुए सीईओ सत्यम गांधी ने वॉर रूम में ली बैठक में जिले की स्कूली की गुणवत्ता, स्वच्छता, छात्र सुरक्षा, निपुण मिशन, प्रवेशोत्सव, नवोदय परीक्षा योजना और स्कूल प्रबंधन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए.
सीईओ सत्यम गांधी ने कहा कि प्रत्येक स्कूल परिसर, कक्षाएं, शौचालय और पोषण आहार के रसोईघर स्वच्छ और सुरक्षित रखना आवश्यक है. स्कूलों में खतरनाक स्थानों, टूटी विद्युत तारो, स्विच व अन्य त्रुुटियों की तत्काल मरम्मत कर विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. विद्यार्थियों का स्वागत किया जाए, पाठ्यपुस्तकें और गणवेश वितरित किए जाएं तथा बच्चों को मिठाई दी जाए. सभी शिक्षकों को समय पर स्कूल पहुंचने, नियमित रूप से परिचय पत्र पहनने, आदर्श प्रार्थना सभा आयोजित करने और शाम को राष्ट्रवंदना कराने के निर्देश भी दिए गए.
निपुण भारत मिशन : बैठक में निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए शैक्षणिक वर्ष के शुरूआती 21 दिनों तक सेतु पाठ्यक्रम चलाने, पहले दो घंटों में अक्षर पहचान, पठन, संख्याज्ञान और बुनियादी गणितीय कौशल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गये. साथ ही जुलाई 2026 में होनेवाली आधारभूत परीक्षा के लिए स्तरवार योजना तैयार करने को कहा गया.
विद्यार्थियों और शिक्षकों को पुरस्कार : नए शिक्षा सत्र में स्पेल बी सहित विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का आयोजन सफल विद्यार्थियों और शिक्षकों को पुरस्कार, प्रमाणपत्र और विशेष सम्मान दिए जाएंगे. स्कूलों मे भाषा पेटी, अंग्रेजी पेटी और गणित पेटी के नियमित उपयोग, समितियों की नियमित बैठकें, छात्र सुरक्षा प्रमाणपत्र , शिकायत पेटी, सरकारी योजनाओं के फलक और चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए.
100 छात्रों को एआई प्रशिक्षण 3 इस वर्ष जिले के 100 विद्यार्थियों को कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का प्रशिक्षण दिया जायेगा. सीईओ ने शिक्षकों से छात्रों को आधुनिक तकनीक जैसे चैट जीपीटी के शैक्षणिक उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने का आवाहन किया.
* गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता
हर स्कूल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुुरक्षित, स्वच्छ और आनंददायक शैक्षणिक वातावरण तैयार करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. शासन की विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर शैक्षणिक गुणवत्ता को उंचाई तक पहुंचाने के लिए सभी तंत्रों को समन्वय के साथ काम करना होगा.
– सत्यम गांधी, सीईओ अमरावती
* 30 जून से पहले स्कूल वैन और ऑटो चालकों की बैठक
30 जून से नए शैक्षणिक सत्र की शुरूआत को देखते हुए शहर के तीनों यातायात विभागों को स्कूल वैन और विद्यार्थियों के परिवहन में लगे ऑटो चालकों की तत्काल बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए है. बैठक में केवल अधिकृत वाहन चालकों को बुलाया जायेगा. उन्हें छात्रों के सुरक्षित आवागमन, यातायात नियमों के पालन, क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में नहीं बैठाने तथा सभी सुरक्षा मानकों का कडाई से पालन करने के निर्देश दिए जाएंगे. स्कूली बच्चों का परिवहन पूरी तरह नियमानुसार होना चाहिए. किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन पर संबंधित चालकों के खिलाफ कडी कार्रवाई की जाएगी
– राकेश ओला, पुलिस आयुक्त





