पंचवटी फ्लाइओवर से नीचे गिरे दो युवक
तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर टकराई

* दोनों युवकों की हालत बेहद गंभीर
* हादसे के बाद पुल पर मची अफरा-तफरी
* नागरिकों ने उठाई सुरक्षा उपायों की मांग
अमरावती/दि.20- स्थानीय पंचवटी चौक के उपर से होकर गुजरनेवाले फ्लाईओवर पर आज एक बेहद बड़ा सड़क हादसा घटित हुआ, जब एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुल की सुरक्षा दिवार से टकरा गई और बाईक पर सवार दो युवक उड़ान पुल से सीधे नीचे जमीन जा गिरे. हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. दोनों घायल युवकों की पहचान आकाश भागवत धाकडे (29, आदर्श नगर) तथा कार्तिक प्रदीप छापानी (24, निंभोरा) के तौर पर हुई हैं. जिन्हें इलाज हेतु जिला सामान्य अस्पताल में लाए जाने के बाद स्थिति गंभीर रहने के चलते शहर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया. जहां पर उनकी स्थिति फिलहाल चिंताजनक बताई जा रही हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक बिना नंबरवाली बुलेट बाइक पर सवार होकर तेज गति के साथ उड़ान पुल से गुजर रहे थे. इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह पुल के किनारे से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सीधे पुल से नीचे जा गिरे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा बेहद भयावह था और गिरने के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के तुरंत बाद स्थानीय नागरिक मदद के लिए दौड़ पड़े. लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. दोनों युवकों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी.
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और बाइक का संतुलन बिगड़ना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. इस हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. स्थानीय नागरिकों ने उड़ान पुल पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने, सुरक्षा बैरिकेड मजबूत करने तथा नियमित पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की है. नागरिकों का कहना है कि उड़ान पुल पर आए दिन तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.





