आलू की सब्जी के विवाद पर युवक की डंडे से बेरहमी से पिटाई
सब्जी का स्वाद पसंद नहीं आने पर दूसरी सब्जी मांगी

* गुस्साए दो भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज
पिंपरी /दि.17– महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ के चाकण इलाके में आलू की सब्जी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. सब्जी का स्वाद अच्छा नहीं लगने पर दूसरी सब्जी मांगने से नाराज दो भाइयों ने एक युवक की लकड़ी के डंडे और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी. इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक यह घटना 13 जुलाई की रात करीब 8 बजे चाकण के राक्षेवाड़ी क्षेत्र में हुई. पीड़ित रामनिवास बिलाश बरई (45), जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के निवासी हैं और मुंबई में रहते हैं, ने उत्तर चाकण पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के मुताबिक, भोजन के दौरान आलू की सब्जी का स्वाद अच्छा नहीं लगने पर उन्होंने दूसरी सब्जी देने की बात कही. इस बात से नाराज आरोपी शैलेश यादव (26) ने अपने भाई धर्मेंद्र यादव (30) को मौके पर बुलाया. इसके बाद दोनों ने मिलकर रामनिवास पर लकड़ी के डंडे और लात-घूंसों से हमला कर दिया. हमले में पीड़ित के होंठ पर गंभीर चोट आई, जिसके चलते टांके लगाने पड़े. इसके अलावा दाहिने हाथ की तीन उंगलियों और दांतों में भी चोटें आई हैं. उत्तर चाकण पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.





