गाली-गलौज महाराष्ट्र की संस्कृति नहीं
सांसद संजय पाटिल के बयान पर उद्धव ठाकरे का पलटवार

मुंबई/दि.27 – शिवसेना उबाठा प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सांसद संजय दिना पाटिल द्वारा पत्रकारों के साथ अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गाली-गलौज करना महाराष्ट्र की संस्कृति नहीं है. उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता.
शनिवार को आयोजित पत्रकार परिषद में उद्धव ठाकरे ने कहा, पिछले कुछ दिनों से जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, उसे देखकर शर्म आती है. किसी को गुस्सा आए तो वह अपनी नाराजगी व्यक्त कर सकता है, लेकिन गाली देना महाराष्ट्र की संस्कृति नहीं है. उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ असभ्य व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और ऐसी घटनाएं राज्य की संस्कृति को ठेस पहुंचाती हैं.
* ‘गद्दारों’ के विधानसभा क्षेत्रों का करेंगे दौरा
उद्धव ठाकरे ने घोषणा की कि वह अब उन संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे, जहां से उनके अनुसार शिवसेना छोड़कर गए नेताओं को जनता ने चुना था. उन्होंने कहा कि वे वहां जाकर शिवसैनिकों और मतदाताओं से मिलेंगे तथा उनसे संवाद करेंगे.
* सांसदों की खरीद-फरोख्त का लगाया आरोप
उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया कि पार्टी छोड़ने वाले सांसदों को सत्ता पक्ष की ओर से आर्थिक लाभ पहुंचाया गया. उन्होंने कहा कि यदि विधायकों के दल-बदल के दौरान 50 खोके की चर्चा हुई थी, तो सांसदों को कितना मिला होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है. उन्होंने दावा किया कि शिवसेना के सांसद उनके नेतृत्व और पार्टी के नाम पर चुने गए थे.
* फडणवीस के साथ विमान यात्रा पर दिया संकेत
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ हाल ही में एक ही विमान से यात्रा को लेकर पूछे गए सवाल पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि दोनों के बीच बातचीत हुई है और आने वाले कुछ दिनों में पूरी जानकारी सामने आ जाएगी. हालांकि उन्होंने बातचीत का विस्तृत विवरण देने से फिलहाल इंकार किया. उद्धव ठाकरे के इन बयानों के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज होने की संभावना है.





