महाराष्ट्र टीईटी परीक्षा का पेपर लीक
कल होने वाली परीक्षा स्थगित

* लाखों उम्मीदवारों का भविष्य अधर में
मुंबई /दि.27- महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा एक बार फिर पेपर लीक के विवाद में घिर गई है. ठाणे जिले में रविवार को होने वाली टीईटी परीक्षा का प्रश्नपत्र पहले ही लीक होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है. इसके बाद परीक्षा की गोपनीयता पर सवाल उठने से रविवार की परीक्षा स्थगित कर दी गई है. शिक्षा विभाग की ओर से जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक घोषणा किए जाने की संभावना है.
* 4.28 लाख उम्मीदवारों पर असर
इस वर्ष महाराष्ट्र टीईटी परीक्षा के लिए राज्यभर से 4 लाख 28 हजार 122 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था. इनमें सबसे अधिक 45 हजार 562 उम्मीदवार पुणे जिले के हैं. परीक्षा स्थगित होने से महीनों से तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों में भारी निराशा और आक्रोश है.
* ठाणे में बिक रहा था प्रश्नपत्र
सूत्रों के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि ठाणे जिले में टीईटी परीक्षा का प्रश्नपत्र पैसों के बदले बेचा जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और कथित तौर पर लीक हुई प्रश्नपत्रिका बरामद कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया. इसके बाद शिक्षा विभाग को तत्काल जानकारी दी गई, जिसके बाद पूरी परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया गया.
* लीक का स्रोत तलाशने में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रश्नपत्र किस स्तर से लीक हुआ, इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है. हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है.
* अंबादास दानवे ने सरकार पर साधा निशाना
पेपर लीक मामले पर शिवसेना उबाठा के नेता अंबादास दानवे ने महायुति सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली संभालने में पूरी तरह विफल रही है और बार-बार पेपर लीक होने से छात्रों का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है. उन्होंने कहा कि गरीब विद्यार्थी पूरे वर्ष मेहनत करते हैं, लेकिन परीक्षा से ठीक पहले ऐसे घटनाक्रम उनका मनोबल तोड़ देते हैं.
* कड़ी सुरक्षा के बावजूद हुई पेपर लीक
इस बार परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी. राज्यभर में 1,729 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. परीक्षा केंद्रों पर 18 हजार एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक सत्यापन, फेस रिकग्निशन, मेटल डिटेक्टर और फोटो सत्यापन जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं लागू की गई थीं. मोबाइल, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर भी प्रतिबंध लगाया गया था. इसके बावजूद परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्नपत्र लीक होने से पूरी परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
* नई परीक्षा तिथि का इंतजार
परीक्षा स्थगित होने के बाद अब लाखों उम्मीदवारों को नई परीक्षा तिथि का इंतजार है. शिक्षा विभाग जल्द ही नई तारीख और आगे की प्रक्रिया की आधिकारिक घोषणा कर सकता है. वहीं, पुलिस पेपर लीक मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.





