मुगलाई प्रभाग में जलसंकट चरम पर

महज 5 से 10 मिनट की हो रही जलापूर्ति

* भीषण जल किल्लत से जूझ रहे मुुगलाई परिसर के नागरिक
* आठ दिनों से अनियमित सप्लाई, आंदोलन की चेतावनी
परतवाड़ा/दि.1 जुड़वां शहर के मुगलाई प्रभाग में पानी की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है. पिछले 8 दिनों से क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, और जहां पानी आ भी रहा है, वहां केवल 5 से 10 मिनट के लिए ही सप्लाई की जा रही है. इससे नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.भीषण गर्मी के इस मौसम में इतनी कम समय की जलापूर्ति से लोगों की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं. पीने के पानी से लेकर घरेलू उपयोग तक के लिए नागरिकों को संघर्ष करना पड़ रहा है. कई परिवारों को महंगे दामों पर टैंकर मंगवाने की नौबत आ गई है.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग को इस समस्या की जानकारी दी, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है. प्रशासन की उदासीनता से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उन्हें पानी भरने के लिए सीमित समय में लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है.
गुस्साए नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलापूर्ति नियमित और पर्याप्त नहीं की गई, तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे.अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और मुगलाई प्रभाग के नागरिकों को कब राहत मिलती है.

Back to top button