ट्रक और कार की भिडंत में महिला की मौत
पति समेत दो लोग घायल

* ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक मारे जाने से हुआ हादसा
* धामणगांव रेल्वे तहसील के समृद्धि महामार्ग की घटना
धामणगांव रेल्वे /दि.14 – नागपुर से मुंबई की तरफ जाते समय सामने चल रहे ट्रक के चालक द्वारा अचानक ब्रेक मारे जाने से पीछे आ रही टोयोटा कार की भिडंत हो गई. इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार 44 वर्षीय महिला की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. जबकि महिला के पति समेत दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गये. यह दुर्घटना रविवार को सुबह 7 बजे के दौरान समृद्धि महामार्ग पर पोल क्रमांक 104 व 105 के दौरान घटित हुई. मृतक महिला का नाम मुंबई के भांडुप वेस्ट निवासी सरोज लक्ष्मीनारायण मलाह (44) है. जबकि जख्मियों के नाम लक्ष्मीनारायण मलाह (49) और वसंत मलाह (62) हैं.
जानकारी के मुताबिक मलाह परिवार के चार सदस्य एमएच-03/ ईआर-3761 क्रमांक की कार से रविवार को सुबह नागपुर से मुंबई रवाना हुए थे. दत्तापुर थाना क्षेत्र के समृद्धि महामार्ग क्षेत्र से जाते समय सामने चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक मारे. इस कारण ट्रक के पीछे दौड रही कार की ट्रक से भीडंत हो गई. इस हादसे में सरोज मलाह की मृत्यु हो गई. जबकि उसके पति लक्ष्मीनारायण मलाह और वसंत मलाह गंभीर रुप से घायल हो गये. मृतक के बेटे चेतन मलाह की शिकायत पर दत्तापुर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही दत्तापुर के थानेदार गिरीष ताथोड के मार्गदर्शन में पुलिस का दल घटनास्थल पहुंचा. मृतक महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए धामणगांव के ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया.





