साई नगर-अकोली अंडरपास का काम अंतिम चरण में
विधायक रवि राणा ने उपमहापौर सचिन भेंडे के साथ किया निरीक्षण

अमरावती/दि.26- रवि राणा एवं पूर्व सांसद नवनीत राणा के प्रयासों से साई नगर-अकोली अंडरपास परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब यह अंतिम चरण में पहुंच गया है. लंबे समय से प्रलंबित इस मांग को पूरा करने के लिए विधायक रवि राणा लगातार शासन और संबंधित विभागों के साथ संपर्क में थे.
मंगलवार को विधायक रवि राणा ने उपमहापौर सचिन भेंडे तथा रेलवे और मनपा अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया. इस दौरान कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण की प्रगति का जायजा लिया गया तथा अधिकारियों को समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के निर्देश दिए गए. साई नगर-अकोली क्षेत्र में रेलवे फाटक के कारण नागरिकों को लंबे समय से यातायात जाम, दुर्घटनाओं के खतरे और दैनिक आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. विशेष रूप से विद्यार्थियों, कामगारों और व्यापारियों को रेल फाटक बंद रहने से काफी दिक्कतें होती थीं. इसी समस्या के स्थायी समाधान के रूप में अंडरपास की मांग की गई थी.
विधायक रवि राणा ने कहा कि अंडरपास का काम जल्द पूरा कर नागरिकों के लिए शुरू किया जाएगा. इसके शुरू होने के बाद यातायात व्यवस्था सुगम होगी, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों का समय बचेगा. निरीक्षण के दौरान रेलवे विभाग के सहायक मंडल अभियंता वी. बी. राणे, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता सुनील वासेकर, संदीप बागडे, मनपा उपअभियंता विवेक देशमुख, अभियंता अंकित रोंघे सहित अनेक नागरिक एवं पदाधिकारी उपस्थित थे.





