सिगरेट न देने पर युवक की निर्मम हत्या

नाशिक/ दि. 22- नाशिक के पंचवटी इलाके में सिगरेट न देने पर एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पंचवटी के पेठ रोड पर हुई इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. मृतक की पहचान नवनाथ नगर निवासी राहुल कृष्णा राउत (27) के रूप में हुई है.
घटना शनिवार रात की है, जब राहुल अपने दोस्तों के साथ साईबाबा मंदिर के पास बैठा था. इस दौरान वहां आए आरोपी रोहिदास वामनराव आहेर ने राहुल से सिगरेट की मांग की. राहुल द्वारा मना करने पर आरोपी ने गुस्से में आकर अपने पास मौजूद चॉपर के पिछले हिस्से से राहुल के सिर और चेहरे पर जोरदार वार किए. गंभीर रूप से घायल राहुल को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान सोमवार तड़के उसकी मौत हो गई.
आरोपी रोहिदास आहेर एक संगीन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले भी पंचवटी और म्हसरूल पुलिस थानों में हत्या के प्रयास, चोरी और दंगा फैलाने जैसे मामले दर्ज हैं. पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है.





