नई पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे ने संभाला पदभार

महिला सुरक्षा व साईबर अपराधों के प्रति जागरुकता बढाने पर दिया जाएगा विशेष ध्यान

अमरावती /दि.1- शहर पुलिस आयुक्तालय में नवनियुक्त पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे मंगलवार 30 जून को विधिवत अपना पदभार संभाला. पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि, शहर में महिलाओं की सुरक्षा, महिला सेल को और अधिक सशक्त बनाना, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई तथा तेजी से बढ रहे साईबर अपराधों पर अंकुश लगाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल रहेगा.
उन्होंने कहा कि, नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करेगा. महिलाओं से जुडे मामलों में त्वरीत कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ साईबर अपराधों के प्रति जागरुकता बढाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा.
शहर पुलिस आयुक्त राकेश ओला के नेतृत्ववाली टीम में प्रांजलि सोनवणे के शामिल होने से अमरावती पुलिस को एक अनुभवी और कुशल अधिकारी का साथ मिला है. प्रशासनिक और पुलिस महकमें में इसे महत्वपूर्ण नियुक्ति माना जा रहा है. प्रांजलि सोनवणे ने अब तक के सेवा काल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई है. वर्ष 2016 में महाड में हुए भीषण पुल हादसे के दौरान राहत एवं बचाव कार्य में उनकी सक्रिय भूमिका की प्रशासन और स्थानीय नागरिकों ने सराहना की थी. संकट की उस घडी में उन्होंने बचाव अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था.

* कई जिलो में दे चुकी है सेवाएं
अमरावती शहर में नियुक्ति से पहले प्रांजलि सोनवणे अमरावती सीआईडी में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थी. इससे पूर्व वे पुणे में सहायक पुलिस आयुक्त के रुप में अपनी सेवाएं दे चुकी है. जहां से पदोन्नत होकर उन्हें सीआईडी अमरावती का पुलिस अधीक्षक बनाया गया था. इसके अलावा उन्होंने रायगड जिले के महाड तथा सोलापुर जिले में भी विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कार्यो का व्यापक अनुभव प्राप्त किया.

Back to top button