18,280 विद्यार्थियों को एलएलबी प्रवेश की चाह
तीन वर्ष का पाठ्यक्रम

अमरावती /दि.7- राज्य सामायिक प्रवेश परीक्षा प्रकोष्ठ ने बताया कि, विधि स्नातक अर्थात एलएलबी के तीन वर्ष के पाठ्यक्रम हेतु केंद्रीय प्रवेश पद्धति से 18,280 विद्यार्थियों ने प्रवेश की चाह रखी है. मंगलवार को संस्थागत राउंड पूर्ण हो गए. इस दौरान 23,468 सीटें उपलब्ध रहते हुए 18,280 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिए हैं. अर्थात अभी भी 5,188 स्थान एलएलबी के लिए उपलब्ध है. बता दें कि, प्रदेश में 224 विधि महाविद्यालय है. अमरावती में पंजाबराव देशमुख विधि महाविद्यालय सहित कुछ कॉलेजेस में एलएलबी पाठ्यक्रम उपलब्ध है.
प्रकोष्ठ ने बताया कि, एलएलबी कोर्स के लिए 49,843 विद्यार्थियों ने पंजीयन करवाया था. प्रवेश के तीसरे चरण में 12,767 स्थान उपलब्ध रहे. जिसमें 11,756 विद्यार्थियों को उनकी पसंद के कॉलेजेस में प्रवेश ऑफर किए गए. जिसमें से 5,884 विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिए है. पहले चरण में 5,765, दूसरे चरण में 2,512 और तीसरे चरण में 5,884 विद्यार्थी प्रवेश पा चुके हैं. मंगलवार को हुए एक और राउंड में 4,119 विद्यार्थियों ने एडमिशन पक्का किया. जिससे विद्यार्थियों की संख्या 18,280 जा पहुंची. संस्थाएं विद्यार्थियों को प्रवेश निश्चित करने के लिए और अवसर दे रही है.





