मारपीट के बाद बुजुर्ग की जेब से 5 हजार रुपये छीने
रुपये देने से इनकार करने पर जान से मारने की धमकी

* राजापेठ थाने में मामला दर्ज
अमरावती /दि.7- रिश्तेदारों से वापस लौट रहे एक बुजुर्ग और उनके भतीजे को रास्ते में रोककर मारपीट करने तथा बुजुर्ग की जेब से जबरन 5 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है. आरोपी ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे थे. रुपये देने से इनकार करने पर उसने बुजुर्ग को धमकाते हुए उनकी जेब से रकम निकाल ली. इस मामले में राजापेठ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जबरी चोरी का मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक बेलपुरा निवासी शिकायतकर्ता समाधान प्रवीण रौराले (72) सोमवार 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12.30 बजे अपने भतीजे के साथ रिश्तेदारों के यहां से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान शेख फरीद बाबा दरगाह परिसर के पास राहुलनगर टेकड़ी निवासी महादेवराव भगत (45) रास्ते में मिला. आरोप है कि महादेवराव भगत ने पहले शिकायतकर्ता के भतीजे के साथ चप्पलों से मारपीट की. मारपीट के कारण भतीजे को चक्कर आने लगे और वह नीचे बैठ गया. इसके बाद आरोपी ने समाधान रौराले से शराब पीने के लिए रुपये मांगे. रौराले द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी ने उनकी जेब में रखे 200 रुपये के नोटों के रूप में कुल 5 हजार रुपये जबरन निकाल लिए. इसके साथ ही विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है. घटना के बाद शिकायतकर्ता ने राजापेठ थाने में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जबरी चोरी सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक युवराज प्रकाश जगताप कर रहे हैं.





