चाकू लेकर दहशत फैला रहे दो युवक हिरासत में

एक नाबालिग समेत दो पकड़े गए

* धारदार लोहे का चाकू और चाइना चाकू जब्त
* क्राइम ब्रांच की कार्रवाई
अमरावती /दि.7 – शहर में अवैध रूप से घातक हथियार लेकर घूमने तथा उनके जरिए दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार को फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के सुंदरलाल चौक परिसर में चाकू लेकर दहशत पैदा कर रहे दो युवकों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया. इनमें एक नाबालिग भी शामिल है. आरोपियों के कब्जे से धारदार लोहे का चाकू और एक चाइना चाकू समेत करीब 2 हजार रुपए कीमत के हथियार बरामद किए गए.
पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने शहर में अवैध रूप से घातक हथियार रखने तथा उनके माध्यम से दहशत फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. इसी के तहत क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक अतुल वर के नेतृत्व में गुप्त सूचना तंत्र सक्रिय किया गया था. मंगलवार को क्राइम ब्रांच की टीम फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सुंदरलाल चौक परिसर में दो युवक हाथ में चाकू लेकर लोगों के बीच दहशत पैदा कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू और एक चाइना चाकू बरामद किया. हिरासत में लिए गए आरोपियों में ऋषिकेश दिनेश पाली (20, चपरासीपुरा) तथा एक नाबालिग का समावेश है. दोनों के खिलाफ फ्रेजरपुरा पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामले की आगे की जांच पुलिस कर रही है.

Back to top button