सडक हादसों में दो वधु समेत 5 लोगों की मौत, 8 घायल
सभी मृतक अकोला और परतवाडा के रहने वाले

* शादी की खुशियां कुछ ही समय में मातम में बदली
* दोनों हादसे जलगांव जिले में हुए घटित
अमरावती/अकोला/दि.30 – बुधवार 29 अप्रैल का दिन संभाग के अमरावती और अकोला जिले के लिए काफी दर्दनाक रहा. जलगांव जिले के धरणगांव और पाचोरा तहसील में घटित दो अलग-अलग सडक दुर्घटनाओं में दो वधु समेत 5 लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो गई. मृतकों में दो परतवाडा और तीन अकोला के रहने वाले है. इनमें एक नववधु का समावेश है और दूसरी का विवाह एक सप्ताह बाद होने वाला था. इस घटना से दोनों परिवारों में खुशी का माहौल मातम में बदल गया है. जबकि 8 लोग गंभीर रुप से घायल हो गये.
जानकारी के मुताबिक अकोला निवासी पूजा रवि वागडकर (22) नामक युवती का विवाह हाल ही में गुजरात राज्य के वापी में संपन्न हुआ था. शादी के बाद पहली बार ही वह अपने रिश्तेदारों के साथ अकोला लौट रही थी. संपूर्ण परिवार में खुशी का वातावरण था. लेकिन नीयती को कुछ और मंजूर था. बुधवार 29 अप्रैल को सुबह क्रूजर गाडी क्रमांक एमएच-30/4710 यह धरणगांव तहसील के वराड गांव के पास से जा रही थी, तब अचानक गाडी का एक चक्का निकल गया. रफ्तार अधिक रहने से चालक का नियंत्रण बिगड गया और गाडी पलटी हो गई. इस दुर्घटना में नववधु पूजा रवि वाघडकर, दत्तू तुलसीराम भागवत (42) और जगदीश चंद्रभान वाघडकर (52) की मृत्यु हो गई. पलभर में ही खुशी का वातावरण शोक में बदल गया.
दूसरी सडक दुर्घटना जलगांव जिले के पाचोरा तहसील के बांबरुड गांव के पास बुधवार 29 अप्रैल को सुबह 8 बजे के दौरान घटित हुई. परतवाडा के पास देवमाली निवासी बेलसरे परिवार की बेटी शिखा बेलसरे की 21 अप्रैल को सगाई हुई और आगामी 8 मई को उसका विवाह होने वाला था. इस कारण बेलसरे परिवार अपनी बेटी के विवाह की पहली पत्रिका देवी के चरणों में अर्पित करने के लिए सप्तश्रृंगी गढ पर गये थे. दर्शन लेकर परतवाडा की तरफ कार से लौटते समय पाचोरा तहसील के बांबरुड गांव के पास उनकी कार का टायर अचानक फूट गया. टायर फूटने से चालक का वाहन पर से संतुलन बिगड गया और सडक किनारे पेड से कार टकरा गई. इस भीषण हादसे में शिखा बेलसरे (22) नामक नियोजित वधु की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. उसकी भाभी मिना मानकर की भी इस हादसे में मृत्यु हो गई. शुभम बेलसरे और सुनील मानकर गंभीर रुप से घायल हो गये. उन पर समीप के अस्पताल में उपचार जारी है.
* शादी की खुशियां मातम में बदली
अकोला निवासी पूजा वागडकर का हाल ही में विवाह हुआ था. वह हंसी-खुशी शादी के बाद पहली बार रिश्तेदारों के साथ मायके आ रही थी. लेकिन जलगांव जिले में हुए हादसे में उसकी और दो रिश्तेदारों की मृत्यु हो गई. इसी तरह अमरावती जिले के देवमाली निवासी बेलसरे परिवार उनकी बेटी शिखा का रिश्ता तय होने से काफी खुश था. एक सप्ताह बाद 8 मई को शिखा का विवाह होने वाला था. इस कारण वह अपनी लाडली बेटी शिखा को लेकर सप्तश्रृंगी देवी के चरणों में पत्रिका अर्पित कर दर्शन करने के लिए गये थे. लेकिन इन दोनों घटनाओं में काल को कुछ और ही मंजूर था. जलगांव जिले में घटित दोनों सडक हादसों में नववधु और दुल्हन बनने जा रही युवती समेत तीन अन्य लोग काल के ग्रास हो गये. इन दर्दनाक हादसों के कारण खुशी का वातावरण मातम में बदल गया.





