मध्यम परिवारों के लिए वटवृक्ष है महिला नागरी पत संस्था

अमरावती मंडल के संपादक अनिल अग्रवाल का कथन

* पतसंस्था को 21वें वर्ष में पदार्पण पर दी शुभकामनाएं
परतवाड़ा, दि.18– मौजूदा युग को बेहद कडी प्रतिस्पर्धा वाला दौर कहा जा सकता है. जिसमें छोटे व मध्यम स्तर के आस्थापनाओं व संस्थाओं के लिए अपने अस्तित्व को बचाये रखना किसी चुनौति से कम नहीं. किंतु इस दौर में भी 20 वर्ष पहले स्थापित महिला नागरी सहकारी पत संस्था ने अपना अस्तित्व बचाये रखने के साथ ही अपना शानदार मुकाम भी हासिल किया है. यह अपने आप में एक बडी उपलब्धि है, जिसके लिए बैंक के सभी संचालक बधाई के पात्र है. इस आशय का प्रतिपादन दै. अमरावती मंडल व दैं. मातृभूमि के संपादक अनिल अग्रवाल द्बारा किया गया.
गत रोज महिला नागरी सहकारी पतसंस्था के 21वें वर्ष में पदार्पण अवसर पर एक समारोह का आयोजन किया गया था. जिसमें बतौर प्रमुख अतिथि अपने विचार व्यक्त करते हुए संपादक अनिल अग्रवाल ने उपरोक्त कथन किया. साथ ही कहा कि, 20 वर्ष पूर्व स्थापित महिला नागरी सहकारी पत संस्था का यह पौधा आज विशालकाय वटवृक्ष में रुपांतरित हुआ है और इस वटवृक्ष की शितल छांव में सैकड़ों मध्यम व न्यून मध्यम परिवार अपना उज्ज्वल भविष्य बना रहे है. उन्होंने आगे कहा जिला स्तर, राज्यस्तर पर सहकारी बैंकों व नेशनल बैंकों की बड़ी स्पर्धा में सहकार क्षेत्र की मर्यादीत पतसंस्था चलाना एक चुनौती भरा कार्य है. कई बार तो छोटी व मध्यम स्तर वाली पत संस्थाएं 2-3 वर्ष में ही बंद हो जाती है. लेकिन महिला नागरी सहकारी पतसंस्था पर ग्राहकों का विश्वास है. विश्वास, सेवा और इमानदारी इन तीन बातों पर ग्राहकों का भरोसा होता है. क्योंकि मध्यम और न्यून मध्यम ग्राहक अपनी छोटी सी पूंजी विश्वास, सेवा और ईमानदारी के भरोसे पर ही रखते है. आज इसी भरोसे को महिला सहकारी पत संस्था मर्या अचलपुर ने कायम रखा है. भविष्य में पत संस्था और आगे बढ़े और ग्राहकों का विश्वास हासिल करे.
इस कार्यक्रम में बतौर प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित अचलपुर नगर पालिका के भूतपूर्व नगराध्यक्ष हाजी रफीक सेठ ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि 20 वर्ष पहले राजेश अग्रवाल ने जो पौधा लगाया था. आज वह विशालकाय वृक्ष बन गया है. साथ ही इस पतसंस्था ने जाति व धर्म का भेद किये बिना सभी कौम के लोगों को साथ जोडे रखा. अचलपुर व परतवाडा शहर में चाहे हालात कैसे भी क्यों न रहे हो, किंतु इस पतसंस्था ने शहर में आपसी मोहब्बत व भाईचारा कायम करने का काम किया. जिसके चलते शहर में हालात हमेशा जल्द से जल्द सुधर भी गये. आगे भी अचलपुर व परतवाडा के अधिक से अधिक नागरिकों ने इस पतसंस्था के साथ अपना जुडाव रखना चाहिए.
गत रोज छोटा बाजार स्थित महिला नागरी सहकारी पत संस्था के कार्यालय में आयोजित समारोह में सबसे पहले संपादक अनिल अग्रवाल व अन्य गणमान्य अतिथियों के हाथों दीप प्रज्वलन कर आयोजन कर शुभारंभ किया गया. जिसके बाद संस्था से जुड़े हुए ग्राहकों सहित एजेंटों और कर्मचारियों का सत्कार किया गया. इस अवसर पर पतसंस्था के संस्थापक राजेश अग्रवाल, अध्यक्ष रजनी अग्रवाल, शाखा अधिकारी संगीता अग्रवाल, डॉ. प्रमोद शेटे, डॉ. विजय वर्मा, एवं गणमान्य मान्यवर उपस्थित थे. कार्यक्रम की प्रस्तावना शाखा अधिकारी संगीता राजेश अग्रवाल ने रखी. उन्होंने महिला नागरी सहकारी पत संस्था मर्या अचलपुर के 20 वर्षों के कार्यों को विशद करते हुए बताया कि, पतसंस्था विभिन्न शिविरों के माध्यम से किस प्रकार सामाजिक क्षेत्र में विकास की बुनियाद को रखने का कार्य कर रही है.

Back to top button