अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल राहगीर की मौत, चालक फरार
तिवसा थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती /दि.9 – तिवसा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमरावती-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पैदल राहगीर की मौत हो गई. अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क पार कर रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, इस संबंध में शिवरती गुलाबराव उईके ने तिवसा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में बताया गया है कि उनके पति गुलाबराव फत्तेसिंग उईके गुरुवार रात शौच के लिए घर से बाहर निकले थे और पैदल सड़क पार कर रहे थे. उसी दौरान तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में गुलाबराव उईके गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन अत्यधिक चोटें आने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही तिवसा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. इस मामले में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है. इस घटना से उईके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर नागरिकों में रोष व्यक्त किया जा रहा है.





