अमरावती मनपा में भी चौकानेवाले समीकरण बन रहे
मनपा में शिंदे सेना और बसपा ने मिलाया हाथ

* दोनों पार्टियों ने बनाया नया गट
* डॉ. राजेंद्र तायडे हुए नये गट नेता
* दोनों दलों के 6 पार्षद रहेंगे एक गट में
* स्टैंडिंग सहित सभी समितियों के चुनावी समीकरण पर पडेगा असर
अमरावती/दि.10 – अमरावती मनपा की राजनीति में उथल-पुथल अभी भी जारी है. महापौर और उपमहापौर के चुनाव के बाद अब शिंदे सेना और बसपा ने हाथ मिलाकर नया गट बनाया है. इस नया गट के डॉ. राजेंद्र तायडे गट नेता होंगे. इससे स्थायी समिति सभापति सहित सभी समितियों के चुनावी समीकरण पर निश्चित रुप से असर पडेगा. कहा जा रहा है कि, आनेवाले दिनों में पदाधिकारियों के चयन सहित स्वीकृत नगरसेवक का गणित भी ताजा घटनाक्रम से जोडकर देखा जा रहा है. बता दें कि, पहले ही मनपा की राजनीति में नए सदन की प्रथम आमसभा में एमआईएम के सदस्य ने बागी तेवर अपनाए थे.
मनपा क्षेत्र के 20 प्रभागों के 87 सदस्यों के लिए चुनाव संपन्न होने के बाद मनपा में भाजपा के 25 सदस्य है. इसके अलावा वायएसपी के 15, कांग्रेस 15, एमआईएम 12, राकांपा (अजित पवार) 11, शिंदे सेना 3, शिवसेना उबाठा 2, बसपा 3 और वंचित बहुजन आघाडी के 1 सदस्य है. इन सभी पार्टियों ने महापौर और उपमहापौर चुनाव के पूर्व अपने स्वतंत्र गट रजिस्टर्ड किये. तत्पश्चात महापौर और उपमहापौर के चुनाव संपन्न हुए. इस चुनाव में भाजपा, वायएसपी, राकांपा और शिंदे सेना के गठबंधन के चलते भाजपा के श्रीचंद तेजवानी महापौर और युवा स्वाभिमान पार्टी के सचिन भेंडे उपमहापौर के रुप में निर्वाचित हुए. अब इन दोनों पदों के चुनाव संपन्न होने के बाद शिंदे सेना और बसपा ने मनपा में हाथ मिलाया है. दोनों पार्टियों ने अब नया गट बनाया है. जिसके गट नेता शिंदे सेना के डॉ. राजेंद्र तायडे हुए है. दोनों दलों के अब मनपा सदन में 6 पार्षद रहेंगे. दोनों दलों का एक गट होने से अब आगामी स्थायी समिति सभापति व अन्य सभी समितियों के चुनावी समीकरण पर भी असर पडेगा.इसके पूर्व मनपा के 9 स्वतंत्र गट रजिस्टर्ड थे. लेकिन अब शिंदे सेना और बसपा का नया गट होने से पुराने वाले दोनों गट निष्प्रभ (नल एण्ड वाईड) हो गये. अब मनपा में 9 की बजाय 8 गट रहेंगे. यह नया गट ‘ईन फोर्स’ रहेगा.
* शिवसेना-बसपा का नया गट
अमरावती महानगरपालिका में शिंदे सेना और बसपा ने हाथ मिलाकर नया गट तैयार किया है. यह गट रजिस्टर्ड हुआ है. पुराने जो दो गट स्वतंत्र थे, वह अब निष्प्रभ हो गये है. नया गट शिवसेना-बसपा महानगरपालिका पार्टी/आघाडी के नाम से है. 6 सदस्यों वाले इस गट में शिवसेना के डॉ. राजेंद्र तायडे गट नेता रहेंगे. यह गट ‘ईन फोर्स’ रहेंगा.
– नीतिन कापडनीस,
सहआयुक्त, नगरपालिका प्रशासन, अमरावती.





